Saturday , 14 November 2026

ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर केशव मौर्य का तंज, बोले- ‘100 में 60 हमारा है, 40 में बंटवारा है’, फिर खिलेगा कमल

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले नए राजनीतिक गठबंधन ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी ने हाथ मिलाकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाने का ऐलान किया है। चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किए जाने के बाद इस गठबंधन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी एकजुटता पर तंज कसते हुए दावा किया कि भाजपा को हराना विपक्ष के लिए आसान नहीं होगा।

‘100 में 60 हमारा है, 40 में बंटवारा है’

केशव प्रसाद मौर्य ने ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्षी दल भाजपा के खिलाफ एकजुट भी हो जाएं, तब भी 100 में 60 हमारा है और 40 में बंटवारा है। उन्होंने आगे कहा कि बंटवारे में भी हमारा हिस्सा है। मौर्य ने भरोसा जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फिर कमल खिलेगा और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।

ओवैसी और चंद्रशेखर ने मिलकर बनाया सामाजिक परिवर्तन मोर्चा

दरअसल, 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व वाली आजाद समाज पार्टी-कांशीराम और असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम ने गठबंधन का ऐलान किया है। दोनों दलों ने अपने नए राजनीतिक मंच का नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा रखा है।

इस गठबंधन में चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है। चंद्रशेखर ने मोर्चे को शोषित, बेसहारा, पीड़ित और दबे-कुचले वर्गों की आवाज उठाने वाला मजबूत मंच बताया है। उनका कहना है कि यह गठबंधन ऐसे लोगों को राजनीतिक भागीदारी का अवसर देने की दिशा में काम करेगा।

ओवैसी ने भी किया साथ मिलकर चुनाव लड़ने का ऐलान

गठबंधन की घोषणा के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सभी सहयोगी दल मिलकर काम करेंगे, ताकि मोर्चे को सफल बनाने के साथ उत्तर प्रदेश की जनता को भी इसका लाभ मिल सके। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में बदलाव आने का भरोसा जताया और गठबंधन के वादों को पूरा करने की बात कही।

इस नए राजनीतिक समीकरण के सामने आने से प्रदेश की चुनावी राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। खासतौर पर मुस्लिम और दलित मतदाताओं के बीच इस गठबंधन का कितना प्रभाव पड़ेगा और इसका असर दूसरे विपक्षी दलों के चुनावी समीकरणों पर क्या होगा, इस पर सबकी नजर रहेगी।

 

Check Also

‘मेरा फोन टैप हो रहा है, सारे सबूत इसी में हैं’, राहुल गांधी का सरकार पर आरोप; PM मोदी को फिर दी बहस की चुनौती

नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि उनका मोबाइल …