Friday , 13 November 2026

टीम इंडिया की ऐसी शर्मनाक शुरुआत 16 साल में पहली बार! रोहित-विराट गोल्डन डक पर आउट, पहले ही ओवर में गिरे 3 विकेट

नेशनल डेस्क: न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम की शुरुआत किसी बुरे सपने से कम नहीं रही। 334 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने पारी के पहले ही ओवर में अपने तीन बड़े बल्लेबाज गंवा दिए। तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने ऐसी घातक गेंदबाजी की कि रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर अपना खाता तक नहीं खोल सके। भारत का स्कोर बिना कोई रन बने 3 विकेट हो गया। इस शर्मनाक शुरुआत के साथ भारतीय टीम के नाम पुरुष वनडे क्रिकेट का एक अनचाहा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया।

मैट हेनरी के पहले ओवर में ढेर हुआ भारतीय टॉप ऑर्डर

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने अपनी स्विंग और सीम गेंदबाजी से भारतीय बल्लेबाजों को शुरुआत से ही दबाव में ला दिया। ओवर की पहली गेंद पर रोहित शर्मा ने उछाल लेती गेंद को खेलने की कोशिश की, लेकिन बल्ले का ऊपरी किनारा लगा और स्लिप में खड़े फिन एलेन ने कैच लपक लिया।

रोहित के आउट होने के बाद विराट कोहली बल्लेबाजी के लिए उतरे। हालांकि, वह भी हेनरी की अंदर आती नीची गेंद को समझने में नाकाम रहे। गेंद उनके बल्ले को छकाती हुई सीधे स्टंप्स से जा टकराई। इस तरह भारत ने अपने दोनों अनुभवी बल्लेबाजों को बिना कोई रन बनाए गंवा दिया।

रिव्यू ने श्रेयस अय्यर की पारी भी की खत्म

पहले ओवर की आखिरी गेंद पर मैट हेनरी ने कप्तान श्रेयस अय्यर को भी अपना शिकार बना लिया। गेंद सीधे अय्यर के पिछले पैड पर लगी, लेकिन मैदानी अंपायर कुमार धर्मसेना ने न्यूजीलैंड की अपील खारिज कर दी। इसके बाद कीवी टीम ने रिव्यू लिया। बॉल ट्रैकिंग में थ्री रेड्स आने के बाद अय्यर को आउट करार दिया गया।

इस तरह भारतीय टीम ने पहले ही ओवर में बिना खाता खोले तीन विकेट गंवा दिए। पुरुष वनडे क्रिकेट के इतिहास में भारत ऐसा करने वाली केवल चौथी टीम बन गया, जिसने पारी की शुरुआत में ही शून्य रन पर अपने शुरुआती तीन विकेट खो दिए।

16 साल बाद रोहित-विराट के साथ दोहराया गया अनचाहा रिकॉर्ड

इस मुकाबले में रोहित शर्मा और विराट कोहली के शून्य पर आउट होने से एक और दुर्लभ रिकॉर्ड बना। वनडे क्रिकेट में यह केवल दूसरी बार हुआ है, जब दोनों दिग्गज एक ही मुकाबले में बिना खाता खोले पवेलियन लौटे हैं।

इससे पहले साल 2010 में श्रीलंका के खिलाफ दांबुला में खेले गए मुकाबले में भी रोहित और विराट दोनों शून्य पर आउट हुए थे। करीब 16 साल बाद एक बार फिर दोनों बल्लेबाजों के साथ ऐसा हुआ। वहीं, बतौर ओपनर रोहित शर्मा के वनडे करियर में यह पहला मौका रहा, जब वह गोल्डन डक यानी पारी की पहली ही गेंद पर आउट हुए।

 

Check Also

राष्ट्रपति भवन के सुरक्षाकर्मी पर जानलेवा हमले का आरोपी बागपत में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; दूसरा साथी भी पकड़ा गया

यूपी डेस्क: राष्ट्रपति भवन में तैनात सुरक्षाकर्मी पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले …