
वाराणसी डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। करीब चार घंटे के इस दौरे के दौरान वह मिर्जामुराद में अरविंद मिल का उद्घाटन करेंगे और भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर नमो घाट पर आयोजित एरियल डिस्प्ले में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने स्वागत की तैयारियां तेज कर दी हैं।
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया के मुताबिक, प्रधानमंत्री सुबह 10 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए मिर्जामुराद जाएंगे, जहां अरविंद मिल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग से नमो घाट के लिए रवाना होंगे। नमो घाट पर गंगा के ऊपर आयोजित वायुसेना के एयर शो का वह हिस्सा बनेंगे।
स्वागत के लिए तैयार किए जा रहे विशेष केंद्र
प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पुलिस लाइन से नमो घाट तक कई स्थानों पर स्वागत केंद्र बनाए गए हैं। भाजपा कार्यकर्ता और काशीवासी इन केंद्रों पर ढोल-नगाड़ों, डमरू दल, शंखनाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ उनका अभिनंदन करेंगे। ‘जय श्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के बीच यात्रा मार्ग पर पुष्पवर्षा करने की भी तैयारी है।
इन जगहों पर होगा प्रधानमंत्री का स्वागत
अशोक चौरसिया के अनुसार, पुलिस लाइन मुख्य द्वार, पुलिस लाइन चौराहा, खजूरी-मकबूल आलम रोड पर यस बैंक के सामने, हुकुलगंज तिरमुहानी, चौकाघाट लकड़ी मंडी, सिटी स्टेशन के सामने, गोलगड्डा चौराहा रेलवे अंडरपास, भदऊं चुंगी, रेलवे पुल से पहले, नमो घाट जाने वाली ढलान और नमो घाट मोड़ पर सीएनजी स्टेशन के सामने स्वागत केंद्र बनाए गए हैं। नमो घाट पर भी स्वागत की विशेष व्यवस्था रहेगी।
भाजपा ने इन स्थानों पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के जरिए काशी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान प्रदर्शित करने की योजना है।
दोपहर दो बजे के बाद दिल्ली के लिए होंगे रवाना
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, नमो घाट पर एयर शो दोपहर दो बजे समाप्त होगा। इसके बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से पुलिस लाइन पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए बाबतपुर एयरपोर्ट जाएंगे। यहां से विमान द्वारा दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
Navyug Samachar