उत्तर प्रदेश डेस्क: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है। इसी बीच सपा के राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव के बयान ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, सपा की ओर से प्रस्तावित इन सीटों में रायबरेली की कोई सीट शामिल नहीं है, जबकि अमेठी जिले की केवल एक सीट देने की बात सामने आ रही है। जबकि अमेठी और रायबरेली को लंबे समय से कांग्रेस और गांधी परिवार का राजनीतिक गढ़ माना जाता रहा है।
सपा ने कांग्रेस को दिया 26 सीटों का प्रस्ताव
रामगोपाल यादव ने सीटों के बंटवारे को लेकर कहा कि समाजवादी पार्टी ने उन सीटों को ध्यान में रखा है, जहां उसका प्रदर्शन बेहतर रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ सीटों पर सपा ने जीत दर्ज की थी, जबकि कई सीटों पर पार्टी दूसरे स्थान पर रही थी।
उन्होंने कहा कि करीब 20 ऐसी सीटों का भी प्रस्ताव दिया गया है, जहां समाजवादी पार्टी को 60 से 70 हजार तक वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को इन सीटों पर लगभग 2 हजार वोट ही मिले थे।
जब उनसे पूछा गया कि क्या सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला जल्द हो जाएगा, तो रामगोपाल यादव ने कहा कि कांग्रेस को उसकी स्थिति और चुनावी प्रदर्शन के आधार पर सीटें दी जाएंगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि जिन सीटों पर कांग्रेस का प्रदर्शन कमजोर रहा है, उन्हें देना आसान नहीं होगा।
वायरल सूची में इन सीटों का जिक्र
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही सूची के अनुसार, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के लिए 26 सीटों का प्रस्ताव तैयार किया है। इसमें दो ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस ने पिछला चुनाव जीता था। इनमें रामपुर खास और फरेंदा सीट शामिल बताई जा रही हैं।
इसके अलावा मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर सीटों पर कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी। वहीं प्रस्तावित अन्य सीटों में बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट शामिल हैं।
अमेठी और रायबरेली सीटों को लेकर बढ़ा विवाद
अमेठी और रायबरेली कांग्रेस के लिए लंबे समय से महत्वपूर्ण सीटें रही हैं। रायबरेली से राहुल गांधी लोकसभा सांसद हैं, जबकि अमेठी से गांधी परिवार के करीबी केएल शर्मा सांसद हैं।
2022 के विधानसभा चुनाव में अमेठी जिले की चार विधानसभा सीटों में दो पर समाजवादी पार्टी और दो पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की थी। वहीं रायबरेली जिले की छह विधानसभा सीटों में चार सीटों पर सपा और दो सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों ने जीत हासिल की थी।
अमेठी और रायबरेली में कांग्रेस का प्रदर्शन कमजोर रहा
अमेठी विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी की महाराजी प्रजापति ने 88,217 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी। भाजपा उम्मीदवार डॉ. संजय सिंह को 70,121 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार आशीष शुक्ला को 14,080 वोट ही मिल सके थे। कांग्रेस का वोट प्रतिशत 7.46 प्रतिशत रहा था।
रायबरेली विधानसभा सीट पर भाजपा की अदिति सिंह ने 1,02,429 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी। समाजवादी पार्टी के राम प्रताप यादव को 95,254 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. मनीष चौहान को 14,954 वोट मिले थे। यहां कांग्रेस का वोट प्रतिशत 6.56 प्रतिशत रहा था।
दोनों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस को कुल 29,034 वोट मिले थे, जबकि मुख्य मुकाबला भाजपा और समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों के बीच रहा था।
Navyug Samachar