उत्तर प्रदेश डेस्क: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 28 वर्ष पुराने व्यापार कर भवन आगजनी, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट ने पूर्व राज्यसभा सदस्य और व्यापारी नेता बनवारी लाल कंछल समेत तीन लोगों को तीन-तीन साल के कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने प्रत्येक दोषी पर 36-36 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
सजा सुनाने से पहले विशेष न्यायाधीश उमाकांत जिंदल ने बनवारी लाल कंछल, हुकुमचंद अग्रवाल और देशराज अग्रवाल को दोषी करार दिया था।
सजा के बाद तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
अदालत ने दोषियों की जमानत निरस्त करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया।
इस मामले में पुलिस ने बनवारी लाल कंछल, मोती चंद्र अग्रवाल, हुकुमचंद अग्रवाल, देशराज अग्रवाल, श्रीनिवास अग्रवाल और राजेंद्र अग्रवाल के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। मुकदमे की सुनवाई के दौरान मोती चंद्र अग्रवाल और श्रीनिवास अग्रवाल का निधन हो गया। वहीं, अदालत ने साक्ष्य के अभाव में राजेंद्र अग्रवाल को दोषमुक्त कर दिया।
1998 में दर्ज हुआ था मामला
अभियोजन पक्ष की ओर से एडीजीसी महेश प्रसाद तिवारी ने अदालत को बताया कि 12 अगस्त 1998 को तत्कालीन असिस्टेंट कमिश्नर प्रशासन, व्यापार कर एम.एम. कटिहार ने हजरतगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसी दिन तत्कालीन असिस्टेंट कमिश्नर प्रवर्तन क्षेत्र-बी ठाकुर प्रसाद की ओर से भी हजरतगंज थाने में एक अलग रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
शिकायत दर्ज होने के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी व्यापार कर भवन पहुंच गए थे।
सरकारी अधिकारियों से मारपीट और आगजनी का आरोप
अभियोजन के अनुसार, पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में दोपहर करीब सवा एक बजे बनवारी लाल कंछल, मोतीलाल अग्रवाल, अशोक कुमार गुप्ता, सीबीएवाई संचालक मिंटू, शमीम, भईयन, श्रीनिवास अग्रवाल, हुकुमचंद अग्रवाल और देशराज अग्रवाल लगभग 200 से 250 लोगों के साथ लाठी-डंडों और असलहों से लैस होकर व्यापार कर भवन परिसर पहुंचे।
आरोप है कि सभी ने सरकारी कार्य में लगे अधिकारियों के साथ मारपीट की, उन्हें जान से मारने की धमकी दी और सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाई।
सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ और आग लगाने का भी आरोप
अभियोजन के अनुसार, आरोपियों ने व्यापार कर भवन परिसर में तोड़फोड़ की और कई सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाया। आरोप है कि व्यापार कर अधिकरण के अध्यक्ष की एम्बेसडर कार संख्या यूएएम-2771 में भी आग लगा दी गई थी।
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने आरोपों के समर्थन में नौ गवाह पेश किए। इसके अलावा अदालत के समक्ष पांच अभिलेखीय साक्ष्य भी प्रस्तुत किए गए, जिनके आधार पर अदालत ने फैसला सुनाया।
Navyug Samachar