
यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने और कमजोर लोगों को उजाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों को निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ निस्तारित करने पर जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को मदद का भरोसा दिलाया और जरूरतमंदों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश भी दिए।
करीब 200 लोगों से मिले मुख्यमंत्री, समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों के पास पहुंचकर एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए जल्द समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण करना और उनके जीवन में खुशहाली लाना सरकार का संकल्प है। प्रत्येक पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और उसकी शिकायत का ऐसा समाधान हो, जिससे उसे राहत मिल सके। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
जमीन पर कब्जे और संपत्ति विवाद में निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने या कमजोर लोगों को उनकी संपत्ति से बेदखल करने वालों को बख्शा नहीं जाए। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि यदि जमीन या संपत्ति से जुड़ा विवाद पारिवारिक है, तो संबंधित पक्षों को बैठाकर आपसी बातचीत के माध्यम से उसका समाधान कराने का प्रयास किया जाए। वहीं, राजस्व और पुलिस से संबंधित मामलों में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बरती जाए, ताकि किसी के साथ अन्याय न हो।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ उन लोगों तक पहुंचाया जाए, जो किसी कारणवश अब तक इन सुविधाओं से वंचित हैं।
इलाज के लिए आर्थिक मदद मिलेगी, आयुष्मान कार्ड बनवाने पर भी जोर
जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि इलाज के लिए सरकार की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों के उपचार से जुड़े खर्च के अनुमान की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए और आवश्यक प्रस्ताव शासन को भेजे जाएं, ताकि सहायता मिलने में अनावश्यक देरी न हो।
मुख्यमंत्री ने जरूरतमंदों से आयुष्मान कार्ड के बारे में भी जानकारी ली। जिन लोगों के पास यह कार्ड नहीं था, उनके कार्ड बनवाने के लिए अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लोगों को उपचार संबंधी सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल सके।
बच्चों को पढ़ाई के लिए किया प्रेरित, चॉकलेट देकर जताया स्नेह
जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ भी पहुंची थीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीय बातचीत की और उन्हें मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट दी और उन्हें आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान लोगों की समस्याएं सुनने के साथ बच्चों की शिक्षा और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया।
सुबह गोशाला पहुंचे योगी, गोवंश को अपने हाथों से खिलाया भोजन
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में अपनी नियमित दिनचर्या के तहत गोशाला का भ्रमण किया। उन्होंने गोवंश को दुलारा, उनके माथे पर हाथ फेरा और पीठ थपथपाई। इसके बाद अपने हाथों से उन्हें रोटी और गुड़ खिलाया।
मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने परिजनों के साथ आए बच्चों से भी मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को अपने पास बुलाकर उनसे बातचीत की, चॉकलेट दी और खूब पढ़ने का आशीर्वाद दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।
Navyug Samachar