यूपी डेस्क: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राजधानी लखनऊ में राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। इस दौरान तिरंगा हाथों में लेकर बड़ी संख्या में युवा, विद्यार्थी और आम नागरिक सड़कों पर उतरे। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जनभवन से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। जनभवन से शुरू हुई यह रैली केडी सिंह बाबू स्टेडियम तक पहुंची।
आयोजन में स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, युवाओं, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने सैकड़ों की संख्या में हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ लगाई। कार्यक्रम का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता, शांति और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश देना था।
सरदार पटेल ने 560 से अधिक रियासतों को एकजुट कर रखी अखंड भारत की नींव
रैली को रवाना करने के बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अदम्य साहस, कूटनीतिक कुशलता और दूरदर्शिता के बल पर 560 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराया और अखंड भारत की नींव रखी। उनका यह योगदान भारतीय इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है।
राज्यपाल ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती केवल उन्हें याद करने और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर नहीं है, बल्कि उनके ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के सपने को और मजबूत बनाने का संकल्प लेने का दिन भी है। देश की एकता बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
युवाओं की भागीदारी से मजबूत होगा राष्ट्र का संकल्प
आनंदीबेन पटेल ने कहा कि रन फॉर यूनिटी महज दौड़ का आयोजन नहीं है, बल्कि यह देशवासियों के मन और संकल्प को एक सूत्र में जोड़ने वाला राष्ट्रीय पर्व है। भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता में छिपी एकता है। जब युवा स्वस्थ शरीर और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ राष्ट्रहित में आगे बढ़ते हैं, तो नए भारत के निर्माण की दिशा में प्रयासों को गति मिलती है।
राज्यपाल ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ
कार्यक्रम के समापन पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रैली में शामिल सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इस दौरान लोगों ने देश की आंतरिक सुरक्षा, एकता और संप्रभुता को बनाए रखने तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
रन फॉर यूनिटी के माध्यम से राजधानी में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया गया। आयोजन ने लोगों को यह याद दिलाया कि देश की एकता और संप्रभुता को बनाए रखने में हर नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।
Navyug Samachar
