
नई दिल्ली: महिला आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने की तैयारी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना संकल्प दोहराया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सरकार देश की नारी शक्ति से किया वादा पूरा करके रहेगी। मोदी ने यह भी कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का रास्ता नहीं रोक पाएंगी।
प्रधानमंत्री ने देश की हर महिला को भरोसा दिलाया कि सरकार महिला आरक्षण लागू करने के रास्ते में आने वाली बाधाओं को दूर करेगी। उन्होंने कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की यह कोशिश कई दशकों से जारी है और वह खुद भी लंबे समय से इस दिशा में प्रयास करते रहे हैं।
मोदी के मुताबिक, कई महिलाएं मुलाकात के दौरान उनसे महिला आरक्षण का मुद्दा उठा चुकी हैं। कई बहनों ने पत्र लिखकर भी इस विषय पर अपनी उम्मीदें और विचार साझा किए हैं।
2029 से महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी
केंद्र सरकार महिला आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करना चाहती है। इसके लिए परिसीमन से जुड़े विधेयकों को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी दी गई है। प्रस्तावित विधेयकों में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रावधान है, ताकि महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार हो सके।
सितंबर 2023 में संसद ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान किया गया है। सरकार की तैयारी 2029 के चुनाव से पहले इसे लागू करने की प्रक्रिया पूरी करने की है।
Navyug Samachar