Sunday , 29 November 2026

यूपी में बढ़ने लगी सर्दी की ठिठुरन, 30 से ज्यादा जिलों में घने कोहरे का अलर्ट; इटावा-कानपुर में 8.4 डिग्री पहुंचा पारा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में गुलाबी ठंड का दौर अब धीरे-धीरे सिहरन भरी सर्दी में बदलने लगा है। बीते 48 घंटों में कई जिलों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सुबह और देर रात ठंड का असर बढ़ने के साथ ग्रामीण इलाकों में कोहरा भी छाने लगा है। मौसम विभाग ने शनिवार को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के 30 से अधिक जिलों में घने कोहरे की संभावना जताई है।

हालांकि, सुबह के समय कोहरा छाने के बाद धूप निकलने से कई इलाकों में दृश्यता सामान्य हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले सात से आठ दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। सुबह और शाम ठंड बढ़ने के साथ दिन में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना है।

30 से अधिक जिलों में घने कोहरे की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शनिवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाने के आसार हैं। इनमें सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, बाराबंकी, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, अयोध्या, अमेठी, प्रतापगढ़, जौनपुर, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, संत कबीर नगर, आजमगढ़, मऊ और देवरिया शामिल हैं।

29 नवंबर से 2 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है।

पुरबा हवाओं से बनी नमी, सर्द हवाओं से बढ़ेगी ठिठुरन

मौसम में बदलाव के पीछे पिछले दिनों चली पुरबा हवाओं से बनी नमी को प्रमुख वजह माना जा रहा है। तापमान में गिरावट के साथ सुबह के वक्त कोहरे की स्थिति बन रही है। वहीं, पश्चिमी दिशा से आने वाली शुष्क हवाओं के साथ उत्तर की ठंडी हवाओं का असर भी महसूस किया जा रहा है।

गोंडा में गुरुवार को आसमान साफ रहने और धूप खिलने के बीच न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सात से आठ दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन सुबह और शाम ठंड का असर बढ़ सकता है।

कानपुर और इटावा में 8.4 डिग्री तक गिरा तापमान

प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान कानपुर शहर और इटावा में दर्ज किया गया। दोनों जगह पारा गिरकर 8.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तापमान में गिरावट के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ने लगा है।

कोहरे में सड़क हादसों से बचाव के लिए गति सीमा तय

सर्दी और कोहरे के दौरान सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यूपीडा के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने भी सतर्कता संबंधी निर्देश जारी किए हैं। टोल प्लाजा पर वाहन चालकों को आगे सड़क पर कोहरे की स्थिति और उसकी दूरी के बारे में जानकारी देने की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा, रोड इंजीनियरिंग और राजमार्ग संचालन से जुड़े इंतजामों पर भी जोर दिया गया है।

यूपीडा की ओर से सुबह 8 बजे से रात 8 बजे और रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक दो समय अवधि में अलग-अलग गति सीमाएं निर्धारित की गई हैं।

वाहन दिन में गति सीमा रात में गति सीमा
कार 80 किमी/घंटा 60 किमी/घंटा
बस 60 किमी/घंटा 50 किमी/घंटा
ट्रक और बड़े मालवाहक 50 किमी/घंटा 40 किमी/घंटा

निर्धारित गति सीमाएं 15 फरवरी तक प्रभावी रहेंगी।

 

Check Also

नेशनल पीजी कॉलेज के स्वास्थ्य शिविर में 100 से अधिक लोगों की हुई जांच, विद्यार्थियों ने दीं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं

लखनऊ: नेशनल पीजी कॉलेज के विद्यार्थियों ने शनिवार को मोती महल स्थित शांति कुटीर प्रयोगशाला …