Thursday , 29 October 2026

यूपी में बदला मौसम, सहारनपुर में मस्जिद की मीनार पर गिरी बिजली; 75 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम डेस्क: उत्तर प्रदेश में चक्रवात ‘अर्नब’ के असर के बीच मौसम का मिजाज बदल गया है। गुरुवार सुबह लखनऊ, मेरठ, गाजियाबाद, गोरखपुर और काशी समेत करीब 20 शहरों में बारिश हुई। कहीं बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चलीं, तो कहीं आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं सामने आईं। सहारनपुर में बिजली गिरने से बड़ी मस्जिद की मीनार का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मौसम में अचानक आए बदलाव को देखते हुए प्रशासन सतर्क है। वहीं, बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है।

सहारनपुर में बिजली गिरने से मस्जिद की मीनार क्षतिग्रस्त

सहारनपुर में गुरुवार सुबह आकाशीय बिजली बड़ी मस्जिद की मीनार पर गिर गई। तेज धमाके के साथ मीनार का एक हिस्सा टूटकर दूर जा गिरा। वहीं, अयोध्या में सुबह तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई, जबकि बलिया में भी कुछ देर तक तेज बारिश दर्ज की गई।

75 जिलों में बारिश का अलर्ट, 18 में भारी बारिश की आशंका

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 18 जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। अन्य जिलों में हल्की बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मौसम के इस बदले रुख को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

सीएम योगी ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए

मौसम की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को लगातार मौसम पर नजर रखने और जरूरत के अनुसार एहतियाती कदम उठाने को कहा गया है।

प्रतापगढ़ में पुलिस माइक से ऐलान कर लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दे रही है। प्रशासन की अपील है कि तेज हवाओं, बारिश और बिजली गिरने की आशंका के बीच लोग अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

बेमौसम बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता

प्रदेश में हो रही बारिश का असर खेती पर भी पड़ने की आशंका है। खासकर कटाई के लिए तैयार धान की फसल को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे में मौसम का अगला रुख किसानों के लिए महत्वपूर्ण रहेगा। बारिश और तेज हवाओं के कारण जनजीवन पर भी असर पड़ने की आशंका है।

 

Check Also

ब्रह्मोस मिसाइल की ताकत होगी दोगुनी! 800 किलोमीटर तक मारक क्षमता, 2027 में होगा परीक्षण

राष्ट्रीय डेस्क: भारत और रूस की संयुक्त परियोजना ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल को और अधिक …