
लखनऊ: सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र हाथ में आते ही किसी को परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर होने की उम्मीद जगी तो किसी को बच्चों के भविष्य की चिंता से राहत मिली। वर्षों की मेहनत के बाद नौकरी हासिल करने वाले कई अभ्यर्थी नियुक्ति पत्र मिलने के मौके पर भावुक नजर आए। सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने मंच पर 11 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके बाद कई अभ्यर्थियों ने अपनी संघर्ष यात्रा और परिवार की परिस्थितियों के बारे में बताया। उन्होंने चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
ससुराल की पहली महिला, जिसे मिली सरकारी नौकरी
लखनऊ की श्रुति श्रीवास्तव ने बताया कि वह अपने ससुराल की पहली महिला हैं, जो सरकारी सेवा में जा रही हैं। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान उन्हें अपने भविष्य को लेकर चिंता रहती थी। नियुक्ति मिलने के बाद उन्हें नई उम्मीद और आत्मविश्वास मिला है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
कुशीनगर के आदित्य सिंह किसान परिवार से आते हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में चयन के बाद उन्हें प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बताया।
गोरखपुर की ब्यूटी शाही ने बताया कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत नहीं है। सरकारी नौकरी मिलने से उन्हें जनसेवा के साथ परिवार की परिस्थितियों को बेहतर करने का अवसर मिलेगा। अपनी बात रखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
इन 11 अभ्यर्थियों को मंच पर मिला नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाने वालों में प्रयागराज के आशुतोष त्रिपाठी, आगरा के ओम बघेल, गाजीपुर के प्रवीण कुमार, प्रतापगढ़ की सुधा, कुशीनगर के आदित्य सिंह, हमीरपुर की नेहा देवी, फतेहपुर की रूपाली गुप्ता, लखनऊ की श्रुति श्रीवास्तव, गोरखपुर की ब्यूटी शाही, गाजीपुर के शुभम कुमार और प्रतापगढ़ के अमित कुमार सिंह शामिल रहे।
10 दिन में 6,672 युवाओं को नियुक्ति पत्र
मिशन रोजगार के तहत पिछले 10 दिनों में यह चौथा बड़ा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम रहा। इससे पहले 19 सितंबर को लोकभवन में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 818 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए थे। इनमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा, आयुष, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के अभ्यर्थी शामिल थे।
20 सितंबर को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड से चयनित 912 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इनमें पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय), पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) और पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के पदों पर चयनित अभ्यर्थी शामिल थे।
शिक्षा विभाग के 3,567 अभ्यर्थियों को भी मिली नियुक्ति
22 सितंबर को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग से चयनित 3,567 शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इनमें 1,090 महिलाएं और 2,477 पुरुष शामिल थे। इनका चयन प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता और सहायक अध्यापक के पदों पर हुआ।
सोमवार को 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र मिलने के साथ 19 से 28 सितंबर के बीच आयोजित चार बड़े कार्यक्रमों में कुल 6,672 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।
Navyug Samachar