उत्तराखंड डेस्क: उत्तराखंड के श्रीनगर गढ़वाल में ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी एवं विकास प्रदर्शनी मेले का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को लेकर कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने और देहरादून के लिए हेली सेवा शुरू करने की घोषणा की।
मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। उन्होंने रिबन काटकर मेले का शुभारंभ किया और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों के कार्यों की जानकारी ली। पहाड़ी संस्कृति से जुड़ाव दिखाते हुए मुख्यमंत्री ने सिलबट्टे पर नमक भी पीसा।
श्रीनगर में बनेगी साइंस सिटी, कई शहरों में आधुनिक घाटों का विकास
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की कि श्रीनगर में उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के माध्यम से साइंस सिटी विकसित की जाएगी। इसके अलावा विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक घाटों का निर्माण और सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि धारी देवी मंदिर के पास भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट विकसित किया जाएगा, जिससे यहां आने वाले तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
देहरादून के लिए जल्द शुरू होगी हेली सेवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर से देहरादून के बीच जल्द हेली सेवा शुरू की जाएगी। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को स्वीकृति देने और बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की भी घोषणा की।
पीएम मोदी के नेतृत्व में विकास और विरासत का संरक्षण: धामी
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कमलेश्वर महादेव का स्मरण किया और कहा कि इस पवित्र धरती पर पहुंचना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि अलकनंदा नदी के तट पर बसी श्रीनगर नगरी का धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक इतिहास गौरवशाली रहा है।
उन्होंने कहा कि हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय ने श्रीनगर को देशभर में अलग पहचान दिलाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के साथ अपनी विरासत और संस्कृति के संरक्षण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।
नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र में नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी योजनाएं भी शामिल हैं।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने बताया कि बेस अस्पताल श्रीनगर में 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया गया है। इससे गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में होगी बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर से वृद्धि की जाएगी। उन्होंने कहा कि बैणी भुली योजना के लाभार्थियों को दो किस्तों में भुगतान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार मातृशक्ति को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। इस अवसर पर उन्होंने कमलेश्वर महादेव से संबंधित डाक आवरण का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम में देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी, पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी, महापौर आरती भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, जिलाधिकारी पौड़ी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
कमलेश्वर महादेव मंदिर में सीएम धामी ने की पूजा-अर्चना
मेले के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सिद्धपीठ कमलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मंदिर में महंत श्री 108 आशुतोष पुरी महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। मुख्यमंत्री ने मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद लिया।
बैकुंठ चतुर्दशी पर 145 दंपतियों ने किया खड़ा दीया अनुष्ठान
बैकुंठ चतुर्दशी पर्व के अवसर पर सिद्धपीठ कमलेश्वर महादेव मंदिर में संतान प्राप्ति की कामना को लेकर खड़ा दीया अनुष्ठान आयोजित किया गया। इस अनुष्ठान में 145 दंपतियों ने हिस्सा लिया।
परिवार की सुख-समृद्धि की कामना लेकर शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। दीप प्रज्वलित करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। श्रद्धालु पूरे वर्ष के लिए 365 बत्तियां अर्पित कर सुख-शांति की प्रार्थना करते हैं।
अनुष्ठान के लिए 208 से अधिक दंपतियों ने पंजीकरण कराया था। रविवार शाम गोधूलि बेला में मंदिर के महंत आशुतोष पुरी ने दीपक जलाकर खड़ा दीया अनुष्ठान की शुरुआत की। महिलाओं की कमर में कपड़े की पोटली बांधी गई, जिसमें जुड़वा नींबू, श्रीफल, पंचमेवा और चावल रखे गए।
इसके बाद महंत ने सभी दंपतियों के हाथों में दीपक देकर पूजा कराई। मान्यता के अनुसार दंपति रातभर जलते दीपक के साथ भगवान शिव की आराधना करते हैं और अगले दिन स्नान के बाद महंत उन्हें आशीर्वाद देकर पूजा संपन्न कराते हैं।
इस अनुष्ठान में उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, पुणे, आंध्र प्रदेश और विदेशों से भी दंपति पहुंचे। कमलेश्वर मंदिर में दर्शन और बाती चढ़ाने वाले श्रद्धालुओं की करीब डेढ़ सौ मीटर लंबी कतार देखने को मिली।
कमलेश्वर महादेव मंदिर से जुड़ी है पौराणिक मान्यता
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, देवताओं के दानवों से पराजित होने के बाद भगवान विष्णु भगवान शिव की तपस्या करने के लिए इसी स्थान पर आए थे। पूजा के दौरान उन्होंने शिवलिंग पर एक हजार कमल पुष्प अर्पित किए।
कहा जाता है कि भगवान शिव ने भगवान विष्णु की परीक्षा लेने के लिए एक कमल पुष्प छिपा दिया। जब एक कमल कम पड़ गया तो भगवान विष्णु ने अपना एक नेत्र अर्पित करने का संकल्प लिया। उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें अमोघ सुदर्शन चक्र प्रदान किया।
इसी वजह से इस स्थान का नाम कमलेश्वर महादेव मंदिर पड़ा। मान्यता है कि इस पूजा को देखने वाले एक निसंतान ऋषि दंपति को मां पार्वती के आग्रह पर भगवान शिव ने संतान प्राप्ति का वरदान दिया था।
Navyug Samachar