Monday , 5 October 2026

लखनऊ में बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबा 10वीं का छात्र, नागपंचमी पर नहाना पड़ा भारी

यूपी डेस्क: लखनऊ के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के रकीबाबाद गांव में नागपंचमी के दिन दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ घूमने निकला 15 वर्षीय दसवीं कक्षा का छात्र आदर्श बारिश के पानी से लबालब भरे गहरे गड्ढे में डूब गया। करीब एक घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया। घर के सबसे बड़े बेटे की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

दोस्तों के साथ घूमने निकला था आदर्श

परिजनों के मुताबिक, रकीबाबाद निवासी आदर्श परिवर्तन कॉलेज में कक्षा 10 में पढ़ता था। सोमवार को नागपंचमी की छुट्टी होने के कारण वह अपने हमउम्र दोस्तों के साथ घूमने के लिए घर से निकला था। घूमते हुए सभी किशोर नई जेल के पास निर्माणाधीन सड़क के किनारे पहुंच गए।

वहां बारिश का पानी एक बड़े और गहरे गड्ढे में भर गया था। गर्मी और उमस के बीच बच्चों ने इसी पानी में नहाने का फैसला किया। आदर्श जैसे ही गड्ढे में उतरा, वह पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सका और गहरे पानी में डूबता चला गया।

आदर्श को डूबता देख मची चीख-पुकार

आदर्श के पानी में डूबने के बाद उसके दोस्तों ने घबराकर मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद गोसाईंगंज थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची।

पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर गड्ढे में छात्र की तलाश शुरू की। करीब एक घंटे तक बचाव अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद आदर्श को अचेत अवस्था में पानी से बाहर निकाला गया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

आदर्श को परिजन और पुलिस आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घर के सबसे बड़े बेटे की असमय मौत से परिजन सदमे में हैं।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

एडीसीपी दक्षिणी बसंत कुमार रल्लापल्ली ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य कराया गया। छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद रकीबाबाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

Check Also

सीएम योगी का बड़ा ऐलान! 4.60 लाख छात्रों के खातों में एक क्लिक से पहुंचे 148 करोड़, बोले- पढ़ाई पर करें पहला निवेश

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के बैंक …