
नेशनल डेस्क : मुंबई की जीवनरेखा कही जाने वाली लोकल ट्रेन में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। प्रथम श्रेणी के डिब्बे में दरवाजा खुला रखने और बंद करने को लेकर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गई, जिसमें 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मयंक लोहार के रूप में हुई है। उन पर चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल ट्रेन में यात्रा के दौरान धारदार हथियार से हमला किया गया। मामले में आरोपी सचिन रमेश सुवर्णा को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बारिश के बीच दरवाजे को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल ट्रेन जब रात 10:42 बजे अंधेरी स्टेशन पहुंची, उसी दौरान प्रथम श्रेणी के डिब्बे में यात्रा कर रहे मयंक लोहार और सचिन सुवर्णा के बीच बहस शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच ट्रेन के दरवाजे को लेकर विवाद हुआ। एक यात्री दरवाजा खुला रखना चाहता था, जबकि दूसरा लगातार हो रही बारिश का हवाला देते हुए इसका विरोध कर रहा था। इसी मुद्दे पर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
बहस के दौरान किया जानलेवा हमला
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अचानक धारदार हथियार निकाल लिया और मयंक लोहार के पेट पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मयंक ट्रेन के भीतर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार होने की कोशिश में ट्रेन के बोरीवली स्टेशन पहुंचने से पहले ही नीचे कूदकर भाग निकला।
अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद घायल युवक को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर से परिवार और परिचितों में शोक की लहर फैल गई।
400 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने व्यापक जांच अभियान शुरू किया। जांच टीम ने रेलवे स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की।
तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी सचिन रमेश सुवर्णा तक पहुंचने में सफल रही और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
तीन महीने में दूसरी बड़ी घटना
मुंबई लोकल ट्रेन में हुई यह घटना पिछले तीन महीनों के भीतर सामने आया दूसरा ऐसा गंभीर मामला है। लगातार सामने आ रही हिंसक घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे में निगरानी व्यवस्था को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं।
Navyug Samachar