Tuesday , 6 October 2026

भारत-जापान की ऐतिहासिक मेगा डील: डिफेंस से फार्मा तक बने बड़े समझौते, इंडो-पैसिफिक में बदल सकता है पावर बैलेंस

नेशनल डेस्क: भारत और जापान के बीच रणनीतिक साझेदारी ने एक नया और अहम मोड़ ले लिया है। जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची की पहली आधिकारिक भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों ने रक्षा, फार्मा, टेक्नोलॉजी और निवेश जैसे अहम क्षेत्रों में कई बड़े समझौतों पर सहमति जताई है। इस उच्चस्तरीय बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापानी प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें अपनी ‘छोटी बहन’ बताया, जिससे यह मुलाकात और भी खास बन गई।

राष्ट्रपति भवन से हैदराबाद हाउस तक भव्य स्वागत

नई दिल्ली पहुंचने पर जापानी प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। इसके बाद हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक हुई, जिसमें दोनों देशों के बीच सहयोग के नए आयाम तय किए गए।

रक्षा और फार्मा सेक्टर में अहम सहमति

बैठक के दौरान भारत और जापान के बीच फार्मास्युटिकल, डिफेंस, एडवांस टेक्नोलॉजी और निवेश के क्षेत्रों में कई मेमोरेंडम ऑफ कोऑपरेशन पर हस्ताक्षर किए गए। खास तौर पर रक्षा सहयोग को लेकर दोनों देशों ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है, जिसे इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इंडो-पैसिफिक में बदल सकता है रणनीतिक संतुलन

चर्चा के दौरान सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और वैश्विक सप्लाई चेन जैसे उभरते क्षेत्रों पर भी गहन विचार-विमर्श हुआ। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और जापान की यह साझेदारी न सिर्फ दोनों देशों के विकास को गति देगी, बल्कि पूरे इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की स्थिरता और समृद्धि में भी अहम भूमिका निभाएगी।

आपसी विश्वास को बताया सबसे बड़ी ताकत

प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत और जापान के आपसी विश्वास को सबसे बड़ी रणनीतिक शक्ति बताया। उन्होंने जापान के साथ दशकों पुराने संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऑटोमोबाइल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक जापान ने भारत के विकास में एक भरोसेमंद साझेदार की भूमिका निभाई है।

साझा सांस्कृतिक विरासत का भी जिक्र

इस मुलाकात में प्रधानमंत्री मोदी ने जापानी प्रधानमंत्री के गृह प्रांत नारा का उल्लेख करते हुए भारत और जापान की साझा बौद्ध विरासत को दोनों देशों के गहरे सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक बताया।

 

Check Also

चुनाव आयुक्त से मिलने निकले 300 सांसदों को रोका, राहुल गांधी बोले- ‘लोकतंत्र को बचाने आया हूं’, पुलिस पर धमकाने का आरोप

नेशनल डेस्क: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को केंद्र सरकार और बीजेपी …