Thursday , 10 September 2026

5 महीने से लापता लड्डू गोपाल: आस्था से जुड़े मामले में आईजी का बड़ा फैसला, तीन थानों की एसआईटी करेगी तलाश

मध्य प्रदेश डेस्क: ग्वालियर में आस्था से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां पिछले पांच महीनों से लापता लड्डू गोपाल की प्रतिमा की तलाश के लिए ग्वालियर रेंज के आईजी अरविंद सक्सेना ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। इस टीम में कोतवाली, जनकगंज और माधोगंज थाना पुलिस को शामिल किया गया है। एसआईटी का नेतृत्व सीएसपी लश्कर करेंगे।

मामला ग्वालियर के अल्कापुरी क्षेत्र की रहने वाली विजया शर्मा से जुड़ा है। उनके अनुसार, 29 जनवरी को वह अपनी बहन के साथ भगवान की पूजा सामग्री और अन्य सामान खरीदने के लिए माधोगंज क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी गई थीं। इसी दौरान उनके साथ मौजूद लड्डू गोपाल की प्रतिमा कहीं गुम हो गई। काफी तलाश के बावजूद प्रतिमा का कोई पता नहीं चल सका।

स्थानीय पुलिस की कोशिशें रहीं बेनतीजा

घटना के बाद विजया शर्मा ने कोतवाली थाना पुलिस से मदद की गुहार लगाई। पुलिस ने अपने स्तर पर प्रतिमा की तलाश के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने ग्वालियर रेंज के आईजी अरविंद सक्सेना से मुलाकात कर मामले की गंभीरता बताते हुए विशेष टीम गठित करने की मांग की।

‘परिवार के सबसे प्रिय सदस्य हैं लड्डू गोपाल’

विजया शर्मा का कहना है कि लड्डू गोपाल की यह प्रतिमा उनके परिवार के लिए बेहद आस्था का विषय है। उन्होंने बताया कि उनकी मां का निधन हो चुका है और यह प्रतिमा उन्हें उनकी नानी ने दी थी। प्रतिमा के गुम होने के बाद पूरा परिवार गहरे दुख में है। उनका दावा है कि उन्हें सपने में लड्डू गोपाल ने दर्शन देकर बताया कि वह चोटिल हो गए हैं, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई।

इनाम बढ़ाकर 5 हजार रुपये किया

प्रतिमा की तलाश में पहले विजया शर्मा ने 1100 रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में इसे बढ़ाकर 5 हजार रुपये कर दिया। उन्होंने आसपास के थानों की पुलिस को भी तलाश अभियान में शामिल करने की मांग की थी।

आईजी के निर्देश पर गठित हुई एसआईटी

पीड़िता की भावनाओं और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आईजी अरविंद सक्सेना ने सीएसपी लश्कर के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है। अब कोतवाली, जनकगंज और माधोगंज थाना पुलिस संयुक्त रूप से लापता लड्डू गोपाल की प्रतिमा की तलाश करेगी।

 

Check Also

पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनप्रीत सिंह गोनी और इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट कुनार आप में शामिल, सीएम मान ने किया स्वागत

पंजाब डेस्क: पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनप्रीत सिंह गोनी और इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट एथलीट कुनार बुधवार …