
झारखंड डेस्क: झारखंड में शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने झारखंड प्रशिक्षित सहायक आचार्य (पारा कोटि) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026 के तहत 7,299 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती में नियमित और बैकलॉग दोनों पद शामिल हैं। आवेदन प्रक्रिया 31 जुलाई से शुरू होगी, जबकि ऑनलाइन आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख 30 अगस्त निर्धारित की गई है।
पहली से आठवीं कक्षा तक के लिए होगी नियुक्ति
जेएसएससी की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार, पहली से पांचवीं कक्षा तक के लिए इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य के कुल 2,756 पदों पर भर्ती होगी। वहीं, छठी से आठवीं कक्षा तक के लिए स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य के भाषा, सामाजिक विज्ञान और गणित-विज्ञान विषयों में कुल 4,543 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य के नियमित पदों पर 1,909 और बैकलॉग पदों पर 847 नियुक्तियां होंगी। वहीं स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य के लिए भाषा विषय में नियमित के 1,868 और बैकलॉग के 19 पद निर्धारित किए गए हैं।
सामाजिक विज्ञान विषय में नियमित 660 और बैकलॉग 248 पदों पर भर्ती होगी। जबकि गणित-विज्ञान विषय में नियमित 1,664 और बैकलॉग 84 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
आवेदन प्रक्रिया और महत्वपूर्ण तारीखें
जेएसएससी के अनुसार अभ्यर्थी 31 जुलाई से 30 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। परीक्षा शुल्क जमा करने और फोटो व हस्ताक्षर अपलोड करने की अंतिम तारीख 1 सितंबर होगी। आवेदन पत्र का प्रिंट आउट निकालने के लिए लिंक 3 सितंबर तक उपलब्ध रहेगा। वहीं आवेदन में सुधार का मौका 5 सितंबर से 7 सितंबर तक दिया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हो रही भर्ती
सहायक आचार्य पदों पर यह नियुक्ति सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद की जा रही है। कोर्ट ने राज्य सरकार को विशेष परीक्षाओं के माध्यम से पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए थे।
सहायक आचार्य के कुल पदों में 50 प्रतिशत पद पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित हैं। इनमें बड़ी संख्या में पद लंबे समय से खाली चल रहे थे।
CTET और दूसरे राज्यों के TET अभ्यर्थियों को भी मौका
इस भर्ती में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) की ओर से निर्धारित अन्य योग्यताओं के साथ संबंधित कक्षाओं के लिए झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) पास होना अनिवार्य होगा।
हालांकि, ऐसे पारा शिक्षक जिन्होंने CTET या झारखंड के पड़ोसी राज्यों की ओर से आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा पास की है, वे भी प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। नियुक्ति मिलने के बाद उन्हें तीन साल के अंदर या उपलब्ध पहले अवसर पर JTET पास करना अनिवार्य होगा।
Navyug Samachar