Wednesday , 9 September 2026

ISRO में साइंटिस्ट बनने का सुनहरा मौका! बिना लिखित परीक्षा होगी भर्ती, सिर्फ GATE स्कोर से मिलेगा इंटरव्यू का मौका

करियर डेस्क: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) में वैज्ञानिक बनने का सपना देख रहे बीई/बीटेक इंजीनियरों के लिए बड़ी खुशखबरी है। इसरो ने साइंटिस्ट/इंजीनियर ‘SC’ के 92 पदों पर सीधी भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अभ्यर्थियों को किसी अलग लिखित परीक्षा में शामिल नहीं होना होगा। चयन प्रक्रिया GATE 2025 या GATE 2026 के वैध स्कोर और पर्सनल इंटरव्यू के आधार पर पूरी की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 28 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है।

किन पदों पर होगी भर्ती

इस भर्ती अभियान के तहत इलेक्ट्रॉनिक्स के 34, मैकेनिकल के 26, कंप्यूटर साइंस के 13, सिविल के 10, इलेक्ट्रिकल के 4, रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग के 2, आर्किटेक्चर के 2 और एक अन्य सिविल पद सहित कुल 92 रिक्तियों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद, श्रीहरिकोटा, तिरुवनंतपुरम और महेंद्रगिरि समेत देशभर में स्थित इसरो के प्रमुख केंद्रों पर की जाएगी।

योग्यता और आयु सीमा

आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास संबंधित शाखा में न्यूनतम 65 प्रतिशत अंक या 10 में से 6.84 सीजीपीए के साथ बीई/बीटेक या समकक्ष डिग्री होना अनिवार्य है। इसके अलावा संबंधित विषय में GATE 2025 या GATE 2026 का वैध स्कोरकार्ड भी होना चाहिए।

17 अगस्त 2026 तक सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है। ओबीसी अभ्यर्थियों को 3 वर्ष तथा एससी/एसटी वर्ग को 5 वर्ष की आयु छूट नियमानुसार मिलेगी।

इतनी मिलेगी सैलरी और अन्य सुविधाएं

चयनित उम्मीदवारों को पे मैट्रिक्स लेवल-10 के तहत 56,100 रुपये प्रतिमाह का शुरुआती बेसिक वेतन मिलेगा। इसके अलावा महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता, परिवहन भत्ता, मुफ्त चिकित्सा सुविधा और पेंशन जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।

इसरो में लागू मेरिट प्रमोशन स्कीम के तहत कर्मचारियों का पदोन्नति केवल रिक्त पदों पर निर्भर नहीं रहती, बल्कि उनके कार्य प्रदर्शन और मूल्यांकन के आधार पर भी की जाती है।

ऐसे होगा चयन

भर्ती प्रक्रिया में सबसे पहले प्राप्त आवेदनों की GATE स्कोर के आधार पर स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके बाद 1:7 के अनुपात में उम्मीदवारों को 100 अंकों के पर्सनल इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम चयन GATE स्कोर और इंटरव्यू में प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।

आवेदन शुल्क और अंतिम तिथि

सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं सभी वर्गों की महिला अभ्यर्थियों, एससी, एसटी, दिव्यांग और पूर्व सैनिकों को आवेदन शुल्क से पूरी तरह छूट दी गई है।

इच्छुक उम्मीदवार 17 अगस्त 2026 तक इसरो की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 19 अगस्त 2026 तय की गई है।

 

Check Also

Oracle ने जॉइनिंग से 5 दिन पहले वापस लिया नौकरी का ऑफर, भारतीय इंजीनियर की दूसरी बार छिनी नौकरी; कैंपस हायरिंग पर उठे सवाल

टेक्नोलॉजी डेस्क: कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद बड़ी टेक कंपनी में नौकरी मिलना …