नेशनल डेस्क: केंद्र सरकार ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बड़ी राहत दी है। 1 अगस्त से लागू नई दरों के तहत दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर ₹202, लखनऊ में ₹192 और कोलकाता में ₹209 सस्ता हो गया है। नई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं, जिससे होटल, रेस्तरां, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सीधा लाभ मिलेगा।
दिल्ली, लखनऊ और कोलकाता में नए दाम
नई दरों के अनुसार देश के प्रमुख शहरों में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतें इस प्रकार हैं।
दिल्ली में अब यह सिलेंडर ₹2,728 में मिलेगा।
लखनऊ में इसकी नई कीमत ₹2,860.50 तय की गई है।
कोलकाता में 19 किलोग्राम कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब ₹2,872.50 में उपलब्ध होगा।
घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं
सरकार ने स्पष्ट किया है कि कीमतों में कटौती केवल 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर पर लागू की गई है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
लगातार दूसरे महीने मिली राहत
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में यह लगातार दूसरे महीने की कटौती है। इससे पहले जुलाई में भी दाम कम किए गए थे। ईरान युद्ध और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलपीजी की कीमतें बढ़ने से पहले कमर्शियल सिलेंडर महंगे हुए थे, लेकिन अब कीमतों में राहत देखने को मिल रही है।
पश्चिम एशिया संकट के बीच सरकार की समीक्षा
कीमतों में कटौती ऐसे समय हुई है जब हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया की स्थिति को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की थी। बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी सहित कई वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी शामिल हुए थे।
बैठक में देश में ईंधन आपूर्ति की समीक्षा की गई और सरकार ने भरोसा दिलाया कि एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर किसी तरह की चिंता की जरूरत नहीं है।
2027 तक अमेरिका से बढ़ेगा एलपीजी आयात
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, भारत वर्ष 2027 तक अपने कुल एलपीजी आयात का लगभग 25 प्रतिशत अमेरिका से खरीदने की योजना पर काम कर रहा है। इसका उद्देश्य मध्य पूर्व पर निर्भरता कम करना और अमेरिका के साथ ऊर्जा व्यापार को मजबूत बनाना है।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत पहले ही अमेरिका और अन्य देशों से स्पॉट खरीद बढ़ा चुका है। जून 2026 में पहली बार अमेरिका से एलपीजी आयात 10 लाख टन के आंकड़े को पार कर गया।
Navyug Samachar
