Tuesday , 8 September 2026

सितंबर से महंगी होंगी क्रेटा, वैन्यू, एक्सटर और i20 समेत हुंडई की कई कारें, इस साल तीसरी बार बढ़ेंगे दाम

ऑटो डेस्क: हुंडई मोटर इंडिया एक बार फिर अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी करने जा रही है। कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, सितंबर 2026 से उसके वाहनों की कीमतों में करीब 1 प्रतिशत तक इजाफा किया जा सकता है। इस बढ़ोतरी का असर क्रेटा, वैन्यू, एक्सटर, i20, ऑरा समेत कंपनी के कई लोकप्रिय मॉडलों पर पड़ेगा। हालांकि, अलग-अलग मॉडल और वैरिएंट के हिसाब से कीमत में बढ़ोतरी अलग-अलग होगी।

कच्चे माल और परिचालन लागत बढ़ने का हवाला

हुंडई मोटर इंडिया ने बुधवार को शेयर बाजारों को दी सूचना में बताया कि कच्चे माल और कमोडिटी की बढ़ती कीमतों के साथ परिचालन लागत में लगातार इजाफा हो रहा है। इसके अलावा भू-राजनीतिक परिस्थितियों और व्यापक आर्थिक स्तर पर बनी अनिश्चितताओं का भी कंपनी की लागत पर असर पड़ रहा है। इन्हीं वजहों से कंपनी को वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला लेना पड़ा है।

कंपनी ने कहा कि वह बढ़ती लागत का अधिकतम बोझ खुद उठाने की कोशिश कर रही है, ताकि ग्राहकों पर इसका असर कम से कम पड़े। इसके बावजूद लागत में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए सितंबर से वाहनों की कीमतों में इजाफा किया जाएगा।

5.6 लाख से 55.7 लाख रुपये तक है कीमतों का दायरा

हुंडई के मौजूदा पोर्टफोलियो में ग्रैंड आई10 निओस से लेकर इलेक्ट्रिक एसयूवी आयोनिक 5 तक कई मॉडल शामिल हैं। कंपनी की कारों की कीमत करीब 5.6 लाख रुपये से शुरू होकर 55.7 लाख रुपये तक जाती है। इसके अलावा पोर्टफोलियो में क्रेटा, क्रेटा इलेक्ट्रिक, वैन्यू, एक्सटर, i20, वरना, ऑरा और अल्काजार जैसे प्रमुख मॉडल भी शामिल हैं।

इस साल पहले ही दो बार बढ़ चुके हैं दाम

हुंडई मोटर इंडिया 2026 में इससे पहले दो बार अपनी कारों की कीमतें बढ़ा चुकी है। साल की शुरुआत में 1 जनवरी से कंपनी ने वाहनों की कीमतों में 0.6 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की थी। इसके बाद जून में भी कारों की कीमतों में 12,800 रुपये तक का इजाफा किया गया था। सितंबर से लागू होने वाली नई बढ़ोतरी इस साल की तीसरी कीमत वृद्धि होगी।

कंपनी के निर्यात में भी आई गिरावट

हुंडई मोटर इंडिया के लिए वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही भी चुनौतीपूर्ण रही। इस अवधि में कंपनी के निर्यात में सालाना आधार पर करीब 20 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। पश्चिम एशिया में खराब हालात और कंपनी के एक आपूर्तिकर्ता मोबिस की फैक्ट्री में आग लगने के कारण कुछ समय के लिए उत्पादन प्रभावित हुआ था। इसका असर कंपनी के निर्यात प्रदर्शन पर भी पड़ा।

 

Check Also

सिर्फ 85 लोगों को मिलेगी ये धांसू SUV, डैशकैम से लेकर सनरूफ तक… Jeep ने लॉन्च किया खास Anniversary Edition

ऑटो डेस्क: जीप इंडिया ने अपनी लोकप्रिय एसयूवी कंपास का खास 85th Anniversary Edition भारतीय …