Monday , 5 October 2026

सहारनपुर में दिखी आस्था और संस्कार की अनोखी मिसाल, 100 साल की दादी को पालकी में बैठाकर 295 KM पैदल चल रहे पोते-पड़पोते

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कांवड़ यात्रा के दौरान एक अनोखी तस्वीर लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पंजाब के पटियाला से आया एक परिवार अपनी 100 वर्ष से अधिक उम्र की दादी सुनहरी देवी को पालकी में बैठाकर हरिद्वार से गंगाजल लेने के बाद करीब 295 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर अपने घर लौट रहा है। इस अनोखी कांवड़ यात्रा को देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ जुट रही है।

पालकी को बारी-बारी से कंधा दे रहा पूरा परिवार

परिवार के सदस्य दादी सुनहरी देवी को पालकी में बैठाकर बारी-बारी से कंधों पर उठा रहे हैं। इस यात्रा में 7 पोते, 6 पड़पोते, 5 पोतियां, 3 पड़पोतियां, 2 बेटियां और एक नाती शामिल हैं। परिवार का कहना है कि ईश्वर की कृपा से उन्हें जीवन में सब कुछ मिला है, इसलिए इस बार उन्होंने अपनी कांवड़ दादी को समर्पित करने का निर्णय लिया।

हरिद्वार स्नान के बाद पैदल लौट रहा परिवार

परिजनों के मुताबिक, अधिक उम्र और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बावजूद वे सुनहरी देवी को हरिद्वार स्नान कराने लेकर गए। अब पूरा परिवार उन्हें पालकी में बैठाकर पैदल पटियाला की ओर लौट रहा है। यात्रा के दौरान इस अनोखे दृश्य को देखकर राहगीर तस्वीरें और वीडियो भी बना रहे हैं।

‘बुजुर्गों की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म’

परिवार के सदस्य जोगिंदर कुमार ने बताया कि उनकी दादी की उम्र 100 वर्ष से अधिक है और उन्हें अपने कंधों पर लेकर चलना पूरे परिवार के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि माता-पिता और बुजुर्गों से बढ़कर कोई भगवान नहीं होता, इसलिए उनकी सेवा करना ही सबसे बड़ा धर्म है।

दादी ने दिया प्रेम और सम्मान का संदेश

सुनहरी देवी भी यात्रा के दौरान अपने पोते-पोतियों को आशीर्वाद दे रही हैं। उन्होंने लोगों से आपसी प्रेम, भाईचारे और सम्मान के साथ जीवन बिताने की अपील की। कांवड़ यात्रा के बीच सामने आई यह तस्वीर न केवल धार्मिक आस्था, बल्कि परिवार के प्रति समर्पण, बुजुर्गों के सम्मान और भारतीय पारिवारिक मूल्यों का भी संदेश दे रही है।

 

Check Also

पन्ना में 200 रुपये में मिल सकता है हीरे की खदान का पट्टा! जानें कौन ले सकता है खदान और क्या है पूरा सरकारी प्रोसेस

पन्ना: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक बार फिर किस्मत बदलने वाली कहानी सामने …