Friday , 2 October 2026

गांधी जयंती पर सीएम योगी ने चलाया चरखा, बोले- आत्मनिर्भर भारत की नींव है स्वदेशी और स्वावलंबन

यूपी डेस्क: गांधी जयंती के अवसर पर लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गांधी आश्रम पहुंचकर चरखा चलाया। उन्होंने महात्मा गांधी के स्वदेशी, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता के संदेश को जीवन में अपनाने की अपील की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गांधी जी के विचारों को याद करते हुए कहा कि चरखा केवल सूत कातने का साधन नहीं, बल्कि भारत के स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।

GPO पार्क में गांधी जी को दी श्रद्धांजलि

इससे पहले शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हजरतगंज स्थित GPO पार्क पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ और ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठकर बच्चों के भजन सुने। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

‘चरखा भारत के स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता का प्रतीक’

गांधी आश्रम में चरखा चलाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महात्मा गांधी ने शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलनों का नेतृत्व किया और उन्हें जनआंदोलन में बदल दिया। उन्होंने कहा कि गांधी आश्रम के कपड़ों और चरखे से उनकी बचपन की यादें जुड़ी हैं।

योगी ने कहा कि चरखा केवल चरखा नहीं है, बल्कि यह भारत के स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से गांधी जी के स्वदेशी और स्वावलंबन के संदेश को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।

स्वदेशी के मंत्र ने आजादी के आंदोलन को बनाया जनआंदोलन

मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी का स्वदेशी से स्वावलंबन का मंत्र भारत की आजादी का आधार बना। उनके नेतृत्व में बिखरा हुआ स्वतंत्रता आंदोलन एक बड़े जनआंदोलन में बदल गया।

उन्होंने कहा कि गांधी जी ने देशवासियों में स्वदेशी और आत्मनिर्भरता की भावना पैदा की। हर नागरिक को स्वदेशी, स्वच्छता और स्वावलंबन को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। गांधी जी के संदेश आज भी लोगों को प्रेरणा देते हैं।

खादी पर 25 फीसदी छूट का ऐलान

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने गांधी जयंती के अवसर पर खादी के वस्त्रों पर 30 जनवरी 2027 तक 25 फीसदी की छूट दी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से खादी को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खादी से जुड़े कारीगरों, हस्तशिल्पियों और बुनकरों के हुनर को सम्मान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘लोकल टू ग्लोबल’ की भावना के जरिए इन कारीगरों को बड़ा मंच मिल सकता है।

योगी ने कहा कि महात्मा गांधी का आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन का मंत्र ही विकसित भारत की आधारशिला बनेगा।

लाल बहादुर शास्त्री की सादगी को किया याद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए उनकी सादगी और सज्जनता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का व्यक्तित्व सरल होने के साथ दृढ़ और संघर्षशील भी था।

योगी ने कहा कि शास्त्री जी ने जो कहा, उसे करके दिखाया। उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा स्वतंत्र भारत का मंत्र बन गया। एक ओर जवान देश की सीमाओं की रक्षा कर रहा था, वहीं किसान अपने परिश्रम से देश की खाद्यान्न जरूरतों को पूरा करने में जुटा था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शास्त्री जी के आह्वान ने देश में जवान और किसान के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत किया।

‘भारत खाद्यान्न के मामले में आत्मनिर्भर’

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत खाद्यान्न के मामले में आत्मनिर्भर है। देश अपनी बड़ी आबादी की जरूरतों को पूरा करने के साथ कई देशों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने की क्षमता भी रखता है।

उन्होंने कहा कि सीमाओं की सुरक्षा में जुटा जवान भी शास्त्री जी के उसी संकल्प की कड़ी है, जिसे उन्होंने वर्ष 1965 में देशवासियों के सामने रखा था।

गांधी के स्वच्छता संदेश का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को लेकर जो संदेश दिया था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान के जरिए आगे बढ़ाया।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान स्वच्छ और स्वस्थ भारत की आधारशिला बना है। साथ ही इस अभियान के जरिए लोगों में नारी गरिमा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी काम हुआ है।

 

Check Also

लखनऊ में सपा की ‘अस्थिकलश यात्रा’ पर पुलिस की कार्रवाई, कार्यकर्ताओं को कंधे-गोद में उठाकर ले गई पुलिस

यूपी डेस्क: लखनऊ में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं …