Monday , 19 October 2026

स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा ने T20I में रचा इतिहास, एक साल में 1000 रन जोड़ने वाली पहली जोड़ी बनी

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में नौ विकेट से शानदार जीत दर्ज कर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। रायपुर में खेले गए इस मुकाबले में स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने 96 रन की साझेदारी की। दोनों भले ही शतकीय साझेदारी पूरी नहीं कर सकीं, लेकिन इस दौरान उन्होंने महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

एक कैलेंडर ईयर में 1000 साझेदारी रन बनाने वाली पहली जोड़ी

स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष के दौरान 1000 साझेदारी रन बनाने वाली पहली जोड़ी बन गई हैं। दोनों ने 2026 में अब तक 23 पारियों में मिलकर 1083 रन जोड़े हैं। इस मामले में उन्होंने यूएई की ईशा ओजा और तीर्थ सतीश का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। ईशा और तीर्थ ने 2025 में 21 पारियों में 943 रन की साझेदारी की थी।

मंधाना और शैफाली ने मौजूदा साल में नौवीं बार 50 या उससे अधिक रन की साझेदारी भी की है। महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष के दौरान किसी भी विकेट के लिए यह सबसे ज्यादा अर्धशतकीय साझेदारियां हैं। इससे पहले 2026 में हांगकांग की यास्मीन दासवानी और नताशा माइल्स आठ बार 50 से अधिक रन की साझेदारी कर चुकी हैं।

शैफाली की तूफानी पारी, भारत ने 8.5 ओवर में हासिल किया लक्ष्य

जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट के नुकसान पर 102 रन बनाए। भारतीय गेंदबाजों ने विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने का मौका नहीं दिया। निकी प्रसाद ने दो विकेट लिए, जबकि क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, दीप्ति शर्मा और श्री चरणी को एक-एक सफलता मिली।

103 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने महज 8.5 ओवर में एक विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। शैफाली वर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों पर 55 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और चार छक्के शामिल रहे। आठवें ओवर में शैफाली के आउट होने के साथ मंधाना के साथ उनकी 96 रन की साझेदारी समाप्त हुई।

दूसरी ओर, कप्तान स्मृति मंधाना 25 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 45 रन बनाकर नाबाद रहीं। शानदार अर्धशतक के लिए शैफाली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह उनका 22वां अर्धशतक रहा।

मंधाना ने गेंदबाजों और शैफाली की बल्लेबाजी की तारीफ की

मैच के बाद कप्तान स्मृति मंधाना ने भारतीय गेंदबाजों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि गेंदबाजों ने पहले मुकाबले की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया और रणनीति के मुताबिक गेंदबाजी की।

मंधाना ने शैफाली की आक्रामक बल्लेबाजी का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि शैफाली तेजी से रन बना रही थीं, इसलिए वह उन्हें ज्यादा से ज्यादा स्ट्राइक देने की कोशिश कर रही थीं और मौका मिलने पर अपने शॉट खेल रही थीं।

जिम्बाब्वे के खिलाफ इस जीत के साथ भारतीय टीम ने सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है। वहीं, मंधाना और शैफाली की जोड़ी ने अपने रिकॉर्ड के जरिए महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नया मुकाम हासिल किया है।

Check Also

मोहम्मद सिराज की कप्तानी में हैदराबाद का धमाका, रणजी मुकाबले में त्रिपुरा को पारी और 40 रन से दी करारी शिकस्त

स्पोर्ट्स डेस्क: रणजी ट्रॉफी 2026 के एलीट ग्रुप-बी मुकाबले में मोहम्मद सिराज की कप्तानी वाली …