
नेशनल डेस्क: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपनी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को याद करते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की है। इस पोस्ट में उन्होंने बचपन के उस खास पल का जिक्र किया, जब वह दादी की गोद में बैठकर उनका हाथ थामते थे और उनकी आवाज में संस्कृत के मंत्र सुनते हुए उन्हें दोहराया करते थे। राहुल गांधी ने इस याद के साथ तीन संस्कृत मंत्र भी साझा किए हैं, जिनमें सत्य, प्रकाश और अमरत्व की कामना की गई है।
राहुल गांधी की इस पोस्ट में अपनी दादी के प्रति गहरा लगाव, सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव दिखाई देता है। उन्होंने बताया कि दादी के साथ बिताए वे पल उनके लिए बेहद खास थे। उनकी आवाज में आध्यात्मिक मंत्र सुनना और उनके पीछे-पीछे उन शब्दों को दोहराना बचपन की ऐसी याद है, जिसे वह आज भी अपने दिल के करीब रखते हैं।
राहुल गांधी ने साझा किए संस्कृत के तीन मंत्र
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में उस समय को याद करते हुए लिखा कि वह दादी की गोद में बैठे थे और उनके दोनों हाथ अपने हाथों में थामे हुए थे। इसी दौरान दादी की आवाज में संस्कृत के मंत्र सुनना और उनके साथ उन्हें दोहराना उनके लिए एक अनमोल अनुभव बन गया।
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘असतो मा सद्गमय, तमसो मा ज्योतिर्गमय, मृत्योर्मा अमृतं गमय। ॐ शांति, शांति, शांति।’
इन मंत्रों का भावार्थ है कि हे ईश्वर, हमें असत्य से सत्य की ओर, अंधकार से प्रकाश की ओर और मृत्यु से अमरत्व की ओर ले चलो। यह उपनिषदों में वर्णित प्रसिद्ध शांति प्रार्थना है, जो सत्य, ज्ञान और आध्यात्मिक शांति का संदेश देती है।
‘दादी, आपने मुझे कितना खूबसूरत तोहफा दिया’
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट के आखिरी हिस्से में दादी के प्रति आभार जताते हुए लिखा, ‘दादी, आपने मुझे कितना खूबसूरत तोहफा दिया। क्या तोहफा था! मैंने कभी इसकी कल्पना भी नहीं की थी।’
उनके इस संदेश से साफ झलकता है कि बचपन में इंदिरा गांधी के साथ बिताए पल और उनसे मिली सीख आज भी उनके लिए बेहद मायने रखते हैं। राहुल गांधी ने अपनी यादों के जरिए यह भी जाहिर किया कि परिवार के बुजुर्गों से मिलने वाले संस्कार और उनके साथ बिताया गया समय जीवनभर व्यक्ति के साथ रहता है।
सोशल मीडिया पर चर्चा में आई राहुल गांधी की पोस्ट
राहुल गांधी की यह पोस्ट राजनीतिक गतिविधियों से अलग उनके निजी जीवन और बचपन की यादों को सामने लाती है। संस्कृत मंत्रों के माध्यम से उन्होंने सत्य, प्रकाश, ज्ञान और शांति का आध्यात्मिक संदेश भी साझा किया है।
पोस्ट में अपनी दादी को खूबसूरत तोहफा देने के लिए धन्यवाद कहना सबसे भावुक हिस्सा रहा। उनके शब्दों में इंदिरा गांधी के साथ बिताए बचपन के पलों और उनसे मिले संस्कारों की झलक दिखाई देती है।
Navyug Samachar