
वाराणसी: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वाराणसी में भारतीय जनता पार्टी पर तीखा निशाना साधा। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी में जनता ने भाजपा को ‘डबल हार’ और ‘डबल जीरो’ दिया है। उन्होंने विधान परिषद चुनाव में सपा नेताओं की जीत को भाजपा के लिए दोहरी शिकस्त बताया।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेताओं आशुतोष सिन्हा और लाल बिहारी यादव की जीत ने भाजपा को बड़ा झटका दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग डबल इंजन सरकार और विकास की डबल रफ्तार का दावा करते थे, उन्हें जनता ने चुनाव में नकार दिया है।
सपा प्रमुख ने कहा कि जनता अब भाजपा के दावों और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर समझ चुकी है। इसी का नतीजा है कि पार्टी को चुनाव में दोहरी हार का सामना करना पड़ा। वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचने पर सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
अखिलेश यादव के स्वागत के लिए सांसद वीरेंद्र सिंह, एमएलसी लाल बिहारी यादव और आशुतोष सिन्हा के अलावा विधायक तूफानी सरोज, पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल, पूर्व विधायक लाल बहादुर और राबिया कलाम मौजूद रहे। इनके साथ धनंजय सरोज, सिराज खान, जुबैर खान, किशन दीक्षित, राजेश सिंह, रीबू श्रीवास्तव और ईशान श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता भी पहुंचे।
सपा नेता राजेश यादव नत्थू के परिवार से मिले अखिलेश
वाराणसी दौरे के दौरान अखिलेश यादव सीर गोवर्धनपुर डाफी निवासी सपा नेता राजेश यादव नत्थू के घर भी पहुंचे। राजेश यादव का असमय हृदयाघात से निधन हो गया था। अखिलेश ने उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने पत्नी चंदा यादव और परिवार के अन्य सदस्यों को दुख की इस घड़ी में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
इस दौरान उन्होंने राजेश यादव के पिता बच्चा यादव, भाइयों बृजेश यादव और पत्तू यादव के साथ उनके बेटे साजन और बेटी से भी मुलाकात की। परिवार के करीबी लोगों कल्याण यादव, संतोष यादव झब्बू और भैयालाल से भी उन्होंने बातचीत की।
परिजनों के बीच अखिलेश यादव भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपना एक सच्चा और समर्पित कार्यकर्ता खो दिया है। राजेश यादव नत्थू समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष रह चुके थे। उनकी पत्नी काशी विद्यापीठ के सेक्टर नंबर चार से जिला पंचायत सदस्य हैं और जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़ चुकी हैं।
दो दशक से पार्टी के लिए समर्पित थे राजेश यादव
राजेश यादव नत्थू पिछले करीब दो दशक से समाजवादी पार्टी के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे थे। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण को देखते हुए उन्हें जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी। उनकी पत्नी को भी जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में उतारा गया था।
बताया गया कि निधन से कुछ समय पहले भी राजेश यादव पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। वह एमएलसी चुनाव की मतगणना से लौटने के बाद उस कार्यक्रम स्थल पर गए थे, जहां अखिलेश यादव के पहुंचने का कार्यक्रम था।
इस दौरान पूर्व मंत्री मनोज राय धूपचंडी, पूर्व सांसद रामकिशुन यादव, ओमप्रकाश सिंह, आनंद मोहन गुड्डू, कल्याण यादव, संतोष यादव झब्बू, सिद्धांत जायसवाल, हरीश मिश्रा, डीएन यादव, हरीश यादव बग्गड़, हिंगलाल बाबा और महेश यादव सहित कई लोग मौजूद रहे।
Navyug Samachar