Tuesday , 3 November 2026

बांके बिहारी मंदिर में VIP दर्शन के लिए अब जरूरी होगी पर्ची, गेट नंबर 4 पर बनेगा तत्काल पास

वृंदावन: वृंदावन के श्री बांके बिहारी मंदिर में VIP दर्शन की व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए नई प्रक्रिया शुरू की गई है। अब VIP दर्शन के इच्छुक विशिष्टजनों को पंजीकरण कराकर पर्ची लेनी होगी। इसके लिए मंदिर के निकास द्वार संख्या चार पर विशेष VIP काउंटर बनाया गया है। हाईपावर्ड मैनेजमेंट कमेटी के निर्देश पर शुरू की गई इस व्यवस्था के तहत पर्ची मिलने के बाद ही मंदिर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

नई व्यवस्था के अनुसार, सेवायत गोस्वामियों के यजमानों और पुलिस या जिला प्रशासन के माध्यम से आने वाले विशिष्टजनों को पहले काउंटर पर अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके बाद उन्हें VIP दर्शन के लिए वैध पर्ची जारी की जाएगी। अब सेवायत गोस्वामियों के मेहमानों को सीधे VIP मार्ग से प्रवेश नहीं मिलेगा।

VIP काउंटर पर दो कर्मचारी तैनात

मंदिर के एग्जिट गेट नंबर 4 पर बनाए गए VIP काउंटर पर पंजीकरण के लिए दो कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इनमें से एक कर्मचारी पुलिस के माध्यम से आने वाले लोगों का रजिस्ट्रेशन करेगा, जबकि दूसरा सेवायत गोस्वामियों के साथ आने वाले मेहमानों का पंजीकरण कर उन्हें पर्ची जारी करेगा।

व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए काउंटर तथा प्रवेश मार्ग के पास दो सुरक्षा गार्ड और चार पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं। इसका उद्देश्य मौके पर ही पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराना और वास्तविक पात्र आगंतुकों को अनावश्यक परेशानी से बचाना है।

डुप्लिकेट VIP पर्चियों पर पहले ही लग चुकी है रोक

मंदिर में VIP दर्शन के नाम पर अव्यवस्था और सुविधा के दुरुपयोग की शिकायतों के बीच प्रबंधन समिति ने पहले ही VIP पर्चियों की डुप्लिकेट और फोटोकॉपी पर रोक लगा दी थी। समिति ने स्पष्ट किया था कि VIP दर्शन केवल निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत ही कराए जाएंगे। अब अनिवार्य पंजीकरण की व्यवस्था लागू होने से अनौपचारिक पास और मौखिक सिफारिशों के जरिए VIP सुविधा लेने पर भी अंकुश लगाने की कोशिश की गई है।

VIP दर्शन के लिए तय किया गया अलग रास्ता

नई व्यवस्था के तहत पंजीकरण कराने वाले VIP श्रद्धालु एग्जिट गेट नंबर 4 पर बनी बैरिकेड वाली कतार से होकर निर्धारित VIP एन्क्लोजर तक पहुंचेंगे। दर्शन के बाद उन्हें गेट नंबर 1 से बाहर निकाला जाएगा।

इससे VIP श्रद्धालुओं की आवाजाही गेट नंबर 2 और 3 से आने वाले आम भक्तों की भीड़ से अलग रहेगी। मंदिर प्रबंधन का मानना है कि इससे सामान्य श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानी कम होगी और भीड़ नियंत्रण में मदद मिलेगी।

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने भी वृंदावन स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर की प्रबंधन समिति को भीड़ नियंत्रण और रोजाना की व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए थे। नई VIP पर्ची व्यवस्था को मंदिर में दर्शन प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक कदम माना जा रहा है।

 

Check Also

सुप्रीम कोर्ट की अहम टिप्पणी, कहा- कोई भी अनिश्चितकाल तक किसी जगह पर कब्जा नहीं कर सकता

नेशनल डेस्क:दिल्ली के रामलीला मैदान में जारी विरोध प्रदर्शन को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम …