Saturday , 14 November 2026

दिल्ली में दमघोंटू हुई हवा, AQI 403 के पार; कई इलाकों में 450 से ज्यादा, सांस लेना भी मुश्किल

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण ने एक बार फिर गंभीर रूप ले लिया है। 13 नवंबर की सुबह छह बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 403 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में बनी हुई है। कई इलाकों में AQI 450 के पार पहुंचने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सड़कों पर धुंध की मोटी परत छाई हुई है और लोगों को आंखों में जलन, खांसी तथा सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

कई इलाकों में AQI 450 के पार

दिल्ली के अलग-अलग निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण का स्तर बेहद खराब दर्ज किया गया। पूसा में AQI 469, दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में 478, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में 451 और मथुरा रोड पर 457 रिकॉर्ड किया गया।

इसके अलावा पंजाबी बाग में वायु गुणवत्ता सूचकांक 456, तालकटोरा गार्डन में 436, विवेक विहार में 424, दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (DTU) में 443 और जफ्फरपुर में 459 दर्ज हुआ। आनंद विहार में AQI 419 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 451 रहा।

GRAP-3 की पाबंदियों के बावजूद राहत नहीं

दिल्ली में प्रदूषण पर काबू पाने के लिए ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण की पाबंदियां लागू हैं। इसके तहत प्रदूषण बढ़ाने वाली कई गतिविधियों पर रोक लगाई गई है और अलग-अलग स्तर पर नियंत्रण के उपाय किए जा रहे हैं। इसके बावजूद राजधानी की हवा में सुधार के संकेत नहीं मिल रहे हैं।

गुरुवार शाम को भी दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का असर साफ नजर आया। दिन में धूप ठीक से नहीं निकल सकी और वातावरण में धुंध की मोटी चादर बनी रही। सड़कों पर छाई धुंध के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत

खराब हवा का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई दे रहा है। घर से बाहर निकलने पर आंखों में जलन, खांसी और सांस लेने में परेशानी जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं। प्रदूषण के बढ़ते स्तर के बीच लोग बाहर निकलने से बच रहे हैं। GRAP-3 लागू होने के बाद भी राहत नहीं मिलने से राजधानी में वायु प्रदूषण की स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है।

Check Also

राष्ट्रपति भवन के सुरक्षाकर्मी पर जानलेवा हमले का आरोपी बागपत में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; दूसरा साथी भी पकड़ा गया

यूपी डेस्क: राष्ट्रपति भवन में तैनात सुरक्षाकर्मी पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले …