अंतर्राष्ट्रीय डेस्क: भारत की ब्रह्मोस मिसाइलों की ताकत अब दक्षिण चीन सागर तक और मजबूत हो सकती है। फिलीपींस अपनी समुद्री और तटीय सुरक्षा को मजबूत करने के लिए भारत से 60 अतिरिक्त ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलें खरीदने की तैयारी में है। इस संभावित सौदे की कीमत 700 से 800 मिलियन डॉलर यानी करीब 6,200 से 7,100 करोड़ रुपये बताई जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 16-17 नवंबर को होने वाले मनीला दौरे से पहले दोनों देशों के बीच इस रक्षा समझौते को लेकर बातचीत तेज होने की खबर है। हालांकि, अभी नए सौदे पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।मोदी के मनीला दौरे से पहले रक्षा सहयोग पर बड़ा संकेत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने मनीला दौरे के दौरान आसियान शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस यात्रा से पहले भारत के विदेश मंत्रालय ने फिलीपींस के साथ रक्षा साझेदारी को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
मंत्रालय के मुताबिक, भारत रणनीतिक साझेदारी के तहत फिलीपींस की रक्षा क्षमताओं को विकसित करने और मजबूत बनाने में हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार है। दोनों देशों के बीच रक्षा क्षेत्र में पहले से सहयोग जारी है और ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री इसी साझेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है।
दूसरी ब्रह्मोस डील पर बातचीत, 60 मिसाइलों की तैयारी
फिलीपींस को अतिरिक्त ब्रह्मोस मिसाइलों की आपूर्ति को लेकर विदेश मंत्रालय ने कहा है कि दोनों देशों ने रक्षा सहयोग के क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी स्थापित की है। भारत इस साझेदारी के तहत फिलीपींस की सैन्य क्षमताओं को मजबूत करने में सहयोग जारी रखेगा।
इस बीच रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 60 अतिरिक्त सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों की खरीद को लेकर दोनों देशों के बीच बातचीत अंतिम चरण के करीब पहुंच गई है। संभावित समझौते की अनुमानित कीमत 700 से 800 मिलियन डॉलर है। हालांकि, इस खरीद को लेकर अंतिम आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
2022 में 2,770 करोड़ की हुई थी पहली ब्रह्मोस डील
भारत और फिलीपींस के बीच ब्रह्मोस मिसाइलों की पहली बिक्री का समझौता जनवरी 2022 में हुआ था। करीब 375 मिलियन डॉलर यानी लगभग 2,770 करोड़ रुपये के इस सौदे के तहत फिलीपींस को तटीय रक्षा प्रणाली उपलब्ध कराई जा रही है।
इस समझौते के बाद फिलीपींस ने अपनी समुद्री सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए भारत के साथ रक्षा सहयोग बढ़ाने में दिलचस्पी दिखाई है। अब 60 और मिसाइलों की संभावित खरीद से उसकी तटीय निगरानी और समुद्री रक्षा क्षमता को अतिरिक्त मजबूती मिल सकती है।
दक्षिण चीन सागर में बढ़ती चुनौती के बीच भारत की अहमियत
हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बदलते सामरिक हालात के बीच ब्रह्मोस मिसाइलों की संभावित दूसरी डील को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दक्षिण चीन सागर में समुद्री सुरक्षा को लेकर बढ़ती चुनौतियों के बीच फिलीपींस अपनी सैन्य तैयारियों का विस्तार कर रहा है।
ऐसे में भारत के साथ रक्षा साझेदारी मजबूत होना उसके लिए रणनीतिक रूप से अहम है। दूसरी ओर, यह संभावित समझौता अंतरराष्ट्रीय रक्षा बाजार में भारतीय हथियार प्रणालियों की बढ़ती स्वीकार्यता और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की रणनीतिक भूमिका को भी मजबूती दे सकता है।
Navyug Samachar