Sunday , 29 November 2026

दिल्ली की महिलाओं के लिए CM रेखा गुप्ता की खास अपील, फोन में तुरंत सेव कर लें ये दो नंबर; मुश्किल वक्त में आएंगे काम

नई दिल्ली: महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों से एक जरूरी अपील की है। उन्होंने कहा है कि हर व्यक्ति को अपने मोबाइल फोन में 181 और 112 हेल्पलाइन नंबर जरूर सेव करके रखने चाहिए। आपात स्थिति में ये नंबर तुरंत मदद दिलाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

संकट के समय घबराहट में भूल सकते हैं नंबर, पहले से रहें तैयार

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वीडियो संदेश जारी कर लोगों को इन हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि मुसीबत के समय सबसे जरूरी होता है समय पर सहायता मिलना, लेकिन कई बार घबराहट में लोगों को जरूरी नंबर याद नहीं रहते। ऐसे में पहले से नंबर फोन में सेव रखना और उन्हें याद रखना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा, “मैं आपको दो नंबर बता रही हूं। इन्हें केवल याद नहीं रखना है, बल्कि दिमाग में रट लेना है। अक्सर ऐसा होता है कि हमें लगता है कि हमें सब पता है, लेकिन जब वास्तविक संकट आता है, तो दिमाग काम करना बंद कर देता है और कुछ सूझता नहीं है।”

रेखा गुप्ता ने यह भी कहा कि लोग कई बार पुराने हेल्पलाइन नंबरों जैसे 100 या 101 को लेकर उलझन में पड़ जाते हैं। इससे मदद मिलने में देरी हो सकती है। उन्होंने नागरिकों को सलाह दी कि वे 181 और 112 नंबर अपने परिवार के सदस्यों के साथ भी साझा करें।

181 और 112 नंबर का कब करें इस्तेमाल?

मुख्यमंत्री ने दोनों हेल्पलाइन नंबरों के इस्तेमाल की जानकारी देते हुए बताया कि इनका उद्देश्य अलग-अलग तरह की आपात स्थितियों में सहायता उपलब्ध कराना है।

  • 181 महिला हेल्पलाइन: महिलाएं छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, असुरक्षा या किसी अन्य परेशानी की स्थिति में इस नंबर पर संपर्क कर सकती हैं।

  • 112 आपातकालीन हेल्पलाइन: पुलिस, एंबुलेंस, दमकल और दूसरी आपातकालीन सेवाओं की जरूरत पड़ने पर इस नंबर का इस्तेमाल किया जा सकता है।

महिलाओं की सुरक्षा को बताया साझा जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं की सुरक्षा को सरकार और समाज, दोनों की जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा, “शहर की हर बेटी और हर महिला की सुरक्षा हमारी सुरक्षा है और यह हम सबकी साझी जिम्मेदारी है।”

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे खुद किसी संकट में हों या किसी दूसरे व्यक्ति को परेशानी में देखें, तो बिना देर किए संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। मुख्यमंत्री का कहना है कि इन नंबरों की जानकारी और समय पर उनका इस्तेमाल किसी की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

 

Check Also

नेशनल पीजी कॉलेज के स्वास्थ्य शिविर में 100 से अधिक लोगों की हुई जांच, विद्यार्थियों ने दीं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं

लखनऊ: नेशनल पीजी कॉलेज के विद्यार्थियों ने शनिवार को मोती महल स्थित शांति कुटीर प्रयोगशाला …