Sunday , 29 November 2026

परिसीमन पर INDIA गठबंधन का सरकार को विरोध, खरगे ने बताया लोकतंत्र के लिए खतरा… रिजिजू का सवाल- महिलाओं को आरक्षण देने पर कांग्रेस को आपत्ति क्यों?

नई दिल्ली: लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करने और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयकों को लेकर सियासी टकराव तेज हो गया है। विपक्षी गठबंधन INDIA ने शनिवार को इन प्रस्तावों का विरोध करते हुए केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश का आरोप लगाया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि प्रस्तावित विधेयक अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के हितों की अनदेखी करते हैं। दूसरी ओर, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस से राजनीति से ऊपर उठकर महिला आरक्षण का समर्थन करने की अपील की।

खरगे ने विपक्षी गठबंधन के नेताओं की बैठक के बाद कहा कि लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है। उनके मुताबिक, सरकार सत्ता को अपने हाथ में केंद्रित रखना चाहती है। विपक्षी दलों ने साफ किया कि वे प्रस्तावित विधेयकों का पुरजोर विरोध करेंगे।

एससी-एसटी के प्रतिनिधित्व पर खरगे ने उठाए सवाल

खरगे ने कहा कि संविधान में आरक्षण से जुड़े प्रावधानों के मुताबिक लोकसभा की कुल सदस्य संख्या बढ़ने पर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों की संख्या भी उसी अनुपात में बढ़नी चाहिए। उनका आरोप है कि प्रस्तावित विधेयकों में इन वर्गों के हितों का उचित ध्यान नहीं रखा गया है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ताजा जनगणना के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन होने पर एससी और एसटी समुदायों की हिस्सेदारी बढ़ सकती है, लेकिन सरकार उन्हें उचित प्रतिनिधित्व देने से बच रही है।

ज्ञानेश कुमार पर भी साधा निशाना

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए खरगे ने कहा कि उनके नेतृत्व में निष्पक्ष परिसीमन की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को “अपराधी की श्रेणी में” बताया।

खरगे ने असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन का हवाला देते हुए आशंका जताई कि सरकार अपने राजनीतिक हितों के मुताबिक निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय कर सकती है। उन्होंने कहा कि सामान्य सीटों को आरक्षित और आरक्षित सीटों को सामान्य सीटों में बदले जाने की आशंका भी है।

उन्होंने मतदाता सूची से 10 करोड़ से अधिक लोगों के नाम हटाए जाने का दावा करते हुए कहा कि अब परिसीमन की जिम्मेदारी भी ज्ञानेश कुमार के हाथों में दी जा रही है। खरगे के मुताबिक, निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए किया जा सकता है।

विपक्षी दलों को तोड़ने और संविधान बदलने का आरोप

खरगे ने आरोप लगाया कि इस साल अप्रैल में संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने में विफल रहने के बाद सरकार ने विपक्षी दलों को कमजोर करने की कोशिश की। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना को तोड़ने की कोशिशों को भी इसी रणनीति का हिस्सा बताया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आशंका जताई कि सरकार को फिर से पर्याप्त बहुमत मिलने पर संविधान में बदलाव किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित विधेयक लोकतंत्र को कमजोर करने वाले हैं और विपक्षी दल मिलकर इनका विरोध करेंगे।

खरगे के आवास पर हुई विपक्षी दलों की बैठक

संसद में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पेश किए जाने की तैयारी के बीच विपक्षी गठबंधन INDIA के नेताओं ने शनिवार को खरगे के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर बैठक की। इसमें प्रस्तावित विधेयकों के प्रावधानों, उनके संवैधानिक और राजनीतिक प्रभावों तथा संसद में सरकार की पहल का विरोध करने की रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और जयराम रमेश शामिल हुए। तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी के रामजी लाल सुमन समेत अन्य विपक्षी दलों के नेता भी बैठक में मौजूद रहे।

सरकार का प्रस्ताव क्या है?

केंद्र सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए सदनों की सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव लेकर आई है। इसके तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 करने की योजना है।

प्रस्ताव में नए परिसीमन के बाद निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और सीटों के आवंटन को वर्ष 2051 तक यथावत रखने की बात भी शामिल है। सरकार का लक्ष्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करना है। इसी उद्देश्य से संसद के विशेष सत्र में तीन विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है।

इनमें संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 के तहत परिसीमन आयोग के गठन से जुड़े प्रावधान होंगे। संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के पुनर्निर्धारण का प्रावधान है। इसके अलावा केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े कानूनों में जरूरी बदलाव के लिए एक अलग विधेयक भी लाया जाएगा।

रिजिजू बोले- कांग्रेस महिलाओं को आरक्षण देने का विरोध क्यों कर रही?

खरगे की टिप्पणी पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस से विधेयक का राजनीतिक विरोध नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत विधेयक पारित कराने के लिए सभी से समर्थन मांग रही है। अगर सरकार चाहती तो इसे सीधे पारित करा सकती थी, लेकिन वह लोकतांत्रिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए समर्थन मांग रही है।

रिजिजू ने कहा, “मुझे कभी समझ नहीं आया कि कांग्रेस महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने और साथ ही विधायकों व सांसदों की संख्या बढ़ाने का विरोध क्यों करती है। अगर हम देश की महिलाओं को सशक्त बनाना चाहते हैं और विधायकों व सांसदों की संख्या बढ़ाना चाहते हैं, तो कांग्रेस को इस पर आपत्ति क्यों है?”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद कांग्रेस को अपना पुराना रुख और सोच बदलनी चाहिए। रिजिजू ने कांग्रेस और अन्य विरोधी दलों से राजनीति को अलग रखकर संसद में महिला सशक्तिकरण के लिए साथ आने का आग्रह किया।

हर राज्य और समुदाय के हितों का ध्यान रखने का दावा

रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रस्ताव रखकर हर राज्य की चिंताओं को ध्यान में रखा है। उनके मुताबिक, विधेयक में राज्यों और एससी, एसटी समेत विभिन्न समुदायों के हितों का ध्यान रखा गया है। इसमें जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाने का भी प्रावधान है।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण की इस पहल का विरोध करने वालों को देश की महिलाएं माफ नहीं करेंगी। रिजिजू ने विपक्ष से विधेयक पारित कराने में सहयोग करने की अपील की।

Check Also

नेशनल पीजी कॉलेज के स्वास्थ्य शिविर में 100 से अधिक लोगों की हुई जांच, विद्यार्थियों ने दीं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं

लखनऊ: नेशनल पीजी कॉलेज के विद्यार्थियों ने शनिवार को मोती महल स्थित शांति कुटीर प्रयोगशाला …