Sunday , 29 November 2026

परिसीमन बिल पर योगी की यूपी के सभी 80 सांसदों से अपील, बोले- 2029 में महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता होगा साफ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय मंत्रिमंडल की ओर से परिसीमन विधेयक को मंजूरी दिए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार जताते हुए कहा कि इस फैसले से नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का रास्ता साफ होगा। इसके तहत संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था प्रभावी हो सकेगी।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पहले ही संसद से पारित हो चुका है। अब परिसीमन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद संसद और विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का रास्ता खुलेगा।

राज्यों की मौजूदा हिस्सेदारी बरकरार रखने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था में 2011 की जनगणना को आधार बनाया जाएगा। राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों का अनुपात पहले की तरह बनाए रखते हुए उसी अनुपात में सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। उनके मुताबिक, इससे किसी भी राज्य की हिस्सेदारी प्रभावित होने की आशंका नहीं रहेगी।

उन्होंने बताया कि महिला आरक्षण को शुरुआती तौर पर 15 वर्षों के लिए लागू करने और सीटों के रोटेशन की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के माध्यम से आगे बढ़ाई जाएगी। योगी ने इसे देश की आधी आबादी को संसद और विधानसभाओं में कम से कम 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया।

यूपी के सभी 80 सांसदों से समर्थन की अपील

योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सांसद नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का रास्ता प्रशस्त करने में अपना योगदान दें।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, नारी शक्ति का सशक्तीकरण समृद्ध भारत के निर्माण का आधार है। यह आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देने का अवसर है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए समर्थन और सहयोग देने का आग्रह किया।

Check Also

नेशनल पीजी कॉलेज के स्वास्थ्य शिविर में 100 से अधिक लोगों की हुई जांच, विद्यार्थियों ने दीं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं

लखनऊ: नेशनल पीजी कॉलेज के विद्यार्थियों ने शनिवार को मोती महल स्थित शांति कुटीर प्रयोगशाला …