Sunday , 29 November 2026

AI की पढ़ाई में भारतीय युवाओं का दबदबा, हर चौथा दाखिला भारत से; क्या नौकरी और सैलरी में भी मिल रहा फायदा?

नई दिल्ली: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दायरा अब टेक्नोलॉजी कंपनियों तक सीमित नहीं रह गया है। बैंकिंग, हेल्थकेयर, मीडिया, मार्केटिंग और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में भी इसका इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। इसी के साथ AI से जुड़ी स्किल सीखने की होड़ तेज हो गई है। इस वैश्विक दौड़ में भारतीय युवा बड़ी हिस्सेदारी निभा रहे हैं। दुनिया भर में AI कोर्स में होने वाले कुल दाखिलों में हर चौथा दाखिला भारत से हो रहा है। हालांकि, बड़ा सवाल यह है कि AI सीखने का यह रुझान युवाओं को बेहतर नौकरी और ज्यादा कमाई का कितना फायदा दे रहा है।

Coursera और Udemy की ग्लोबल स्किल्स रिपोर्ट 2026 के मुताबिक, दुनिया भर में AI कोर्स में दाखिले की रफ्तार में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल जहां हर मिनट छह लोग AI कोर्स में दाखिला ले रहे थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 45 हो गई है। इन दाखिलों में करीब 25 फीसदी हिस्सेदारी भारतीयों की है। भारत में AI कोर्स के कुल दाखिले भी 57 फीसदी बढ़े हैं। यह संकेत है कि भारतीय युवा बदलते जॉब मार्केट और नई तकनीक की जरूरतों के मुताबिक अपनी क्षमता बढ़ाने में जुटे हैं।

AI के किन कोर्स में सबसे ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे भारतीय युवा?

भारत में AI सीखने का रुझान अब सिर्फ चैटबॉट चलाने या सवालों के जवाब हासिल करने तक सीमित नहीं है। युवा इस तकनीक के उन्नत पहलुओं को भी समझने में दिलचस्पी ले रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में AI सिक्योरिटी से जुड़े कोर्स में दाखिले 296 फीसदी बढ़े हैं। इसके बाद एजेंटिक AI वर्कफ्लो में 238 फीसदी और जनरेटिव AI में 125 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

AI सिक्योरिटी से जुड़े कोर्स के जरिए युवा AI सिस्टम को सुरक्षित रखने और उनसे जुड़े संभावित जोखिमों को समझने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, एजेंटिक AI वर्कफ्लो में ऐसे सिस्टम के बारे में सिखाया जाता है, जो इंसान के लगातार निर्देश दिए बिना कई चरणों वाले काम खुद पूरा कर सकते हैं।

जनरेटिव AI की मदद से टेक्स्ट, तस्वीरें, वीडियो और दूसरे तरह की सामग्री तैयार की जा सकती है। इन तकनीकों का इस्तेमाल अब IT कंपनियों के अलावा मीडिया, विज्ञापन, कारोबार और कई अन्य क्षेत्रों में भी बढ़ रहा है। यही वजह है कि इनसे जुड़ी स्किल की मांग लगातार बढ़ रही है।

AI स्किल रखने वालों की सैलरी कितनी ज्यादा?

AI सीखने के पीछे एक बड़ी वजह बेहतर करियर और कमाई की संभावनाएं भी हैं। कंपनियां ऐसे कर्मचारियों को प्राथमिकता दे रही हैं, जिन्हें अपने नियमित काम के साथ AI टूल्स का प्रभावी इस्तेमाल करना आता है। इसका असर वेतन के आंकड़ों में भी नजर आता है।

Naukri.com की World AI Day Report 2026 के मुताबिक, IT सेक्टर में AI स्किल रखने वाले कर्मचारियों की मीडियन सालाना सैलरी 13.7 लाख रुपये है। वहीं, AI स्किल नहीं रखने वाले कर्मचारियों की मीडियन सैलरी 11.9 लाख रुपये है। इस तरह दोनों के बीच करीब 15 फीसदी का अंतर है।

नॉन-IT सेक्टर में यह अंतर और बड़ा है। यहां AI स्किल वाले कर्मचारियों की मीडियन सालाना सैलरी 11.3 लाख रुपये बताई गई है, जबकि बिना AI स्किल वाले कर्मचारियों की मीडियन सैलरी 7.5 लाख रुपये है। यानी दोनों समूहों के बीच करीब 51 फीसदी का अंतर है।

नॉन-IT सेक्टर में भी बढ़ रहा AI का इस्तेमाल

AI स्किल का फायदा अब केवल सॉफ्टवेयर इंजीनियरों या टेक्नोलॉजी से जुड़े पेशेवरों तक सीमित नहीं है। मार्केटिंग, फाइनेंस, मानव संसाधन (HR), कंटेंट और ऑपरेशन जैसे क्षेत्रों में भी AI टूल्स का इस्तेमाल बढ़ रहा है। ऐसे में अपने पेशेवर काम के साथ AI का उपयोग करने की क्षमता रखने वाले कर्मचारी कंपनियों के लिए अधिक उपयोगी साबित हो सकते हैं।

हालांकि, इन आंकड़ों को इस तरह नहीं समझना चाहिए कि कोई व्यक्ति सिर्फ AI कोर्स कर ले तो उसकी सैलरी अपने आप 15 से 51 फीसदी तक बढ़ जाएगी। रिपोर्ट में AI स्किल रखने वाले और ऐसी स्किल नहीं रखने वाले कर्मचारियों की मीडियन सैलरी के बीच अंतर बताया गया है। किसी कर्मचारी का वेतन उसके अनुभव, शैक्षणिक योग्यता, पद, कंपनी और काम की जिम्मेदारियों जैसे कई पहलुओं पर भी निर्भर करता है।

 

Check Also

सोने में ₹2,800 और चांदी में ₹7,500 की जोरदार तेजी, गिरावट के बाद इन 5 वजहों से पलटा बाजार; जानें आज के भाव

  नई दिल्ली: सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट के बाद शुक्रवार को …