
हिमाचल प्रदेश डेस्क: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चुराह उपमंडल के बैरागढ़-चंबा मार्ग पर एक निजी बस अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। हादसे में बस चालक और परिचालक समेत आठ लोगों की मौत हो गई है। वहीं, करीब सात घायल यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
चालुज मोड़ पर बेकाबू हुई बस
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शर्मा ट्रैवलर्स की निजी बस शनिवार सुबह करीब 6 बजकर 30 मिनट पर बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। बस ने करीब तीन किलोमीटर का सफर ही तय किया था कि देवीकोठी के पास चालुज मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस सड़क से नीचे करीब 100 फीट गहरी जगह में जा गिरी और दूसरी सड़क पर जाकर पलट गई।
हादसे के समय बस में करीब 15 से 16 यात्री सवार बताए जा रहे थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों ने घायलों को बस से निकाला
स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत की। हादसे में घायल यात्रियों को तत्काल इलाज के लिए सिविल अस्पताल तीसा भेजा गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार करीब सात घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
मलबे में और यात्रियों के दबे होने की आशंका
हादसे के बाद घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान जारी है। दुर्घटनाग्रस्त बस को सीधा करने की कोशिश की जा रही है, ताकि उसके अंदर और आसपास फंसे लोगों का पता लगाया जा सके।
आशंका है कि कुछ अन्य यात्री बस के मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। बचाव दल और स्थानीय लोग मलबा हटाने में जुटे हुए हैं। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी बनी हुई है।
Navyug Samachar