Monday , 5 October 2026

UPPSC परीक्षा में बड़ा बदलाव: हर परीक्षा कक्ष में लगेगा जैमर, ऑनलाइन होगी कॉपियों की जांच, नकल पर सख्त वार

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) अपनी भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए बड़े बदलाव करने जा रहा है। अब आयोग की परीक्षाओं के प्रत्येक परीक्षा कक्ष में सिग्नल जैमर लगाए जाएंगे, ताकि मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए किसी भी तरह की नकल या बाहरी संपर्क की संभावना पूरी तरह खत्म की जा सके। इसकी जानकारी आयोग के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी ने दी।

हर परीक्षा कक्ष में होंगे सिग्नल जैमर

आयोग के मुताबिक, अभी तक परीक्षा केंद्रों पर थर्मल स्कैनर और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जाती थी। अब नई व्यवस्था के तहत हर परीक्षा कक्ष में जैमर लगाए जाएंगे। इससे परीक्षा के दौरान मोबाइल नेटवर्क और अन्य संचार माध्यमों के दुरुपयोग पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

आधार से जुड़ेगा अभ्यर्थियों का पंजीकरण

आयोग अभ्यर्थियों के सत्यापन की प्रक्रिया को भी और अधिक मजबूत बनाने की तैयारी में है। वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) व्यवस्था पहले से लागू है। अब हरियाणा लोक सेवा आयोग की तर्ज पर अभ्यर्थियों के पंजीकरण को आधार से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। इससे फर्जी अभ्यर्थियों पर रोक लगाने और भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।

दस्तावेजों की ऑनलाइन होगी स्क्रूटनी

आयोग ने विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के आवेदन पत्रों की स्क्रूटनी पूरी तरह ऑनलाइन करने की योजना बनाई है। अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन भी डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। इससे भर्ती प्रक्रिया में समय की बचत होगी, मानवीय त्रुटियां कम होंगी और पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी व समयबद्ध बन सकेगी।

पीसीएस मेंस की उत्तरपुस्तिकाओं का होगा ऑनलाइन मूल्यांकन

यूपीपीएससी ने पीसीएस मुख्य परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में भी बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है। अब उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरी तरह ऑनलाइन होगा। नई व्यवस्था के तहत किसी परीक्षक को पूरी कॉपी नहीं दी जाएगी, बल्कि विषय विशेषज्ञ केवल एक-एक प्रश्न का मूल्यांकन करेंगे। उदाहरण के तौर पर, यदि कोई विशेषज्ञ प्रश्न संख्या-1 की जांच करेगा तो वह सभी अभ्यर्थियों के उसी प्रश्न का मूल्यांकन करेगा। इससे मूल्यांकन में एकरूपता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। विशेषज्ञों को संभावित उत्तर भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि निर्धारित मानकों के अनुसार मूल्यांकन हो सके।

सीधी भर्ती में लागू होगी 500 अंकों की चयन प्रक्रिया

लोक सेवा आयोग ने अपनी सभी सीधी भर्तियों के लिए ‘लोक सेवा आयोग सीधी भर्ती (स्क्रीनिंग) 2025 नियमावली’ लागू कर दी है। नई व्यवस्था के तहत चयन प्रक्रिया कुल 500 अंकों की होगी। इसमें 450 अंकों की लिखित परीक्षा और 50 अंकों का साक्षात्कार होगा। अंतिम मेरिट सूची तैयार करते समय लिखित परीक्षा के अंकों को 75 प्रतिशत और साक्षात्कार के अंकों को 25 प्रतिशत भारांक के साथ शामिल किया जाएगा।

इसी महीने आ सकता है आरओ-एआरओ भर्ती का विज्ञापन

यूपीपीएससी की बहुप्रतीक्षित आरओ-एआरओ 2026 भर्ती का विज्ञापन अगस्त के अंतिम सप्ताह में जारी होने की संभावना है। इस बार सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) के पदों की संख्या पहले के मुकाबले अधिक रहने की उम्मीद है। हाल ही में करीब 350 एआरओ के समीक्षा अधिकारी पद पर पदोन्नत होने से कई पद रिक्त हुए हैं। इसके अलावा विभिन्न विभागों से नए रिक्त पदों का अधियाचन मिलने की भी संभावना है। ऐसे में करीब 500 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी हो सकता है।

आयोग में कर्मचारियों की कमी बनी चुनौती

वर्तमान में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में करीब 250 कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि बढ़ते कार्यभार को देखते हुए लगभग दोगुने कर्मचारियों की जरूरत महसूस की जा रही है। आयोग का मानना है कि पर्याप्त मानव संसाधन मिलने से भर्ती प्रक्रियाओं का संचालन और अधिक व्यवस्थित तथा समयबद्ध तरीके से किया जा सकेगा।

 

Check Also

प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया में ASO की भर्ती, ग्रेजुएट युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का मौका; जानें योग्यता, फीस और सैलरी

नई दिल्ली: प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) ने ग्रुप-बी के तहत असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (ASO) …