Tuesday , 18 August 2026

यूपी पंचायत चुनाव की बड़ी तैयारी पूरी! कल जारी होगी फाइनल वोटर लिस्ट, घर बैठे ऐसे देख सकेंगे अपना नाम

लखनऊ डेस्क : उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। राज्य निर्वाचन आयोग बुधवार को पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची जारी करने जा रहा है। इसके साथ ही चुनावी प्रक्रिया का एक अहम चरण पूरा हो जाएगा। आयोग की ओर से मतदाता सूची तैयार करने का काम अंतिम दौर में पहुंच चुका है।

जानकारी के अनुसार, मतदाता सूची के कंप्यूटरीकरण, स्टेट वोटर नंबर आवंटन और मतदान केंद्रों की मैपिंग जैसे कार्य लगभग पूरे कर लिए गए हैं। अंतिम सूची बुधवार को राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। हालांकि तकनीकी प्रक्रियाओं के चलते सूची देर शाम तक उपलब्ध हो सकती है।

पांच बार टली थी अंतिम सूची जारी करने की तारीख

गौरतलब है कि पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची जारी करने की समयसीमा इससे पहले पांच बार बढ़ाई जा चुकी थी। अब आयोग ने बुधवार को सूची जारी करने की तैयारी पूरी कर ली है।

अनंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 को किया गया था। उस सूची में कुल 12.69 करोड़ मतदाताओं को शामिल किया गया था। इसमें 1.81 करोड़ नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए थे, जबकि 21.08 लाख नामों में संशोधन किया गया था। इसके अलावा 1.41 करोड़ नाम मतदाता सूची से हटाए गए थे।

पिछले पंचायत चुनाव के मुकाबले बढ़े 40 लाख से ज्यादा मतदाता

आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव में मतदाताओं की संख्या 12.29 करोड़ थी। वहीं वर्तमान अनंतिम सूची में यह संख्या बढ़कर 12.69 करोड़ पहुंच गई है। यानी पिछले चुनाव की तुलना में करीब 40.19 लाख नए मतदाता जुड़े हैं।

पहली बार तकनीक का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल

इस बार पंचायत चुनाव में तकनीक का व्यापक उपयोग किया जाएगा। सभी मतदाताओं को स्टेट वोटर नंबर जारी किए जा रहे हैं और उनका फोटो सहित पूरा विवरण ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा।

निर्वाचन आयोग ने मतदान प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए विशेष तकनीकी व्यवस्था भी विकसित की है। मोबाइल एप के जरिए मतदान केंद्र पर मतदाता की फोटो लेने के बाद तुरंत यह जानकारी मिल जाएगी कि संबंधित व्यक्ति पहले मतदान कर चुका है या नहीं। इससे फर्जी मतदान और एक से अधिक बार वोट डालने की संभावनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

ग्राम प्रधानों को प्रशासक के रूप में मिली जिम्मेदारी

पंचायत चुनाव समय पर नहीं होने के कारण प्रदेश के 57,694 निवर्तमान ग्राम प्रधानों को प्रशासक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके लिए शासन की ओर से दिशा-निर्देश भी जारी किए जा चुके हैं।

27 मई से प्रशासक का कार्यभार संभाल चुके ग्राम प्रधान अब कोई नया विकास कार्य जिला पंचायत राज अधिकारी के माध्यम से प्रस्ताव भेजकर ही करा सकेंगे। इसके लिए जिला अधिकारी की अनुमति अनिवार्य होगी।

हालांकि प्रशासक नियुक्त किए जाने से पहले स्वीकृत और अनुमोदित कार्यों, निर्माणाधीन परियोजनाओं, मरम्मत कार्यों तथा पूर्ण हो चुके कार्यों का मूल्यांकन कराकर भुगतान पूर्व व्यवस्था के अनुसार किया जा सकेगा।

कहां देख सकेंगे फाइनल वोटर लिस्ट?

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद मतदाता अपना नाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन देख सकेंगे। इसके अलावा संबंधित स्थानीय निकाय कार्यालयों में भी सूची उपलब्ध कराई जाएगी।

 

Check Also

जनगणना 2027 में आधार से बैंक खातों तक मांगी जाएगी जानकारी, जानें क्या देना है और क्या नहीं

नेशनल डेस्क: जनगणना 2027 को लेकर आधार, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, मोबाइल नंबर …