
मनोरंजन डेस्क : टीवी के सबसे चर्चित और लोकप्रिय रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ का 20वां सीजन जल्द दर्शकों के बीच आने की तैयारी में है। एक बार फिर सलमान खान शो की कमान संभालते नजर आ सकते हैं। नए सीजन को लेकर फैंस के बीच उत्साह लगातार बढ़ रहा है, वहीं संभावित कंटेस्टेंट्स के नाम भी चर्चा का केंद्र बने हुए हैं।
बताया जा रहा है कि शो के मेकर्स ने नए सीजन के लिए प्रतिभागियों की तलाश शुरू कर दी है। मनोरंजन जगत और सोशल मीडिया पर कई नामों को लेकर अटकलों का दौर जारी है। हालांकि अभी तक किसी भी कंटेस्टेंट के नाम पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
कब शुरू हो सकता है बिग बॉस 20?
जानकारी के मुताबिक, सलमान खान 21 सितंबर से आगामी सीजन की शूटिंग शुरू कर सकते हैं। इसी के साथ शो के प्रीमियर को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। लंबे समय से नए सीजन का इंतजार कर रहे दर्शकों की उत्सुकता संभावित कंटेस्टेंट्स की सूची सामने आने के बाद और बढ़ गई है।
इन सितारों के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में
बिग बॉस 20 के लिए जिन चेहरों की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, उनमें फैसल शेख, रिधिमा गुप्ता, अंजलि अरोड़ा, जन्नत जुबैर, आवेज दरबार और उर्फी जावेद शामिल हैं। सोशल मीडिया पर इन सितारों की मजबूत फैन फॉलोइंग है, जिसके चलते इनके शो में शामिल होने की अटकलें लगातार लगाई जा रही हैं।
पूर्व प्रतिभागियों की वापसी से बढ़ सकता है रोमांच
संभावित सूची में कुछ ऐसे नाम भी शामिल हैं जो पहले बिग बॉस से जुड़ चुके हैं। आवेज दरबार शो के पिछले सीजन का हिस्सा रह चुके हैं, जबकि उर्फी जावेद बिग बॉस ओटीटी के पहले सीजन में नजर आई थीं। ऐसे में यदि दोनों की वापसी होती है तो यह दर्शकों के लिए बड़ा आकर्षण साबित हो सकता है।
इसके अलावा अरबाज पटेल, भागीरथ भट्ट, भव्य सिंह, रुरू ठाकुर और तुषार करवार के नामों पर भी विचार किए जाने की चर्चा है। हालांकि इन नामों को लेकर भी मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
मेकर्स की ओर से नहीं मिली आधिकारिक मंजूरी
बिग बॉस 20 को लेकर सामने आए सभी नाम फिलहाल चर्चाओं और कयासों तक सीमित हैं। शो के निर्माताओं ने अब तक किसी भी प्रतिभागी के नाम की पुष्टि नहीं की है। इसके बावजूद संभावित कंटेस्टेंट्स की यह सूची सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रही है और फैंस नए सीजन के ऐलान का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
पिछले सीजन के विजेता रहे गौरव खन्ना
बिग बॉस 19 की ट्रॉफी गौरव खन्ना ने अपने नाम की थी। ऐसे में अब सभी की नजरें आगामी सीजन पर टिकी हैं कि इस बार बिग बॉस 20 का खिताब किस प्रतिभागी के सिर सजता है।
Navyug Samachar