Sunday , 4 October 2026

रवीना टंडन पर डॉग ने किया अटैक, एक्ट्रेस ने दिखाई गजब की सूझबूझ… वीडियो वायरल होने पर फैंस बोले- हिम्मत की दाद है

मनोरंजन डेस्क: मुंबई में फिल्म ‘ओह माय डॉग’ की स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान अभिनेत्री रवीना टंडन के साथ एक हैरान करने वाला वाकया सामने आया। कार्यक्रम के दौरान फोटो खिंचवाते समय एक डॉग अचानक आक्रामक हो गया और उसने एक्ट्रेस पर हमला करने की कोशिश की। हालांकि रवीना टंडन ने घबराने के बजाय बेहद शांत तरीके से स्थिति को संभाला, जिसके बाद कोई बड़ा हादसा होने से टल गया।

डॉग ने हाथ पर अटैक करने की कोशिश, रवीना ने रखा संयम

रवीना टंडन स्क्रीनिंग इवेंट में मौजूद डॉग्स के साथ पैपराजी के लिए पोज दे रही थीं। इसी दौरान एक डॉग अचानक आक्रामक हो गया और उसने रवीना के हाथ पर अटैक करने की कोशिश की। घटना के समय एक्ट्रेस ने बिना घबराए खुद को संभाला और शांत बनी रहीं।

रवीना के संयम भरे व्यवहार की वजह से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग एक्ट्रेस की समझदारी और धैर्य की तारीफ कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर फैंस ने की रवीना के हौसले की तारीफ

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने रवीना टंडन को लेकर कई प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने कहा कि उन्होंने जिस तरह मुश्किल स्थिति में खुद को शांत रखा, वह काबिले तारीफ है।

कुछ यूजर्स ने रवीना की तारीफ करते हुए लिखा कि उन्होंने डॉग के हमले की स्थिति को बहुत अच्छे तरीके से संभाला। वहीं कुछ लोगों ने उन्हें सावधानी बरतने की सलाह भी दी। एक यूजर ने कमेंट करते हुए कहा कि उन्हें सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानी जरूर रखनी चाहिए।

एनिमल राइट्स से जुड़ी रही हैं रवीना टंडन

रवीना टंडन लंबे समय से पशु अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज उठाती रही हैं। उन्हें जानवरों से खास लगाव भी है। यही वजह है कि इस घटना के बाद भी उन्होंने डॉग के प्रति आक्रामक प्रतिक्रिया नहीं दी और शांत रहकर स्थिति को संभाला।

‘ओह माय डॉग’ की स्क्रीनिंग में पहुंचे कई सितारे

फिल्म ‘ओह माय डॉग’ की स्पेशल स्क्रीनिंग में बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के कई बड़े कलाकार शामिल हुए। अभिनेता पंकज त्रिपाठी डेनिम लुक में नजर आए, जबकि रूपाली गांगुली सादगी भरे पारंपरिक अंदाज में पहुंचीं।

इसके अलावा अभिनेता पवन मल्होत्रा, राजेश कुमार और फिल्म निर्माता रमेश तौरानी समेत कई हस्तियां इस कार्यक्रम में शामिल हुईं।

7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म

अमित राय के निर्देशन में बनी फिल्म ‘ओह माय डॉग’ 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। यह फिल्म पहले 31 जुलाई को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अन्य बड़ी फिल्मों के चलते स्क्रीन उपलब्धता को देखते हुए इसकी रिलीज आगे बढ़ा दी गई थी।

फिल्म में पंकज त्रिपाठी, पवन मल्होत्रा, राजेश कुमार, गीता अग्रवाल, विजय मिश्रा और सुलाख्याना बरुआ अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म की खास बात यह है कि इसमें 250 से ज्यादा प्रशिक्षित डॉग्स को भी शामिल किया गया है।

 

Check Also

सुनील ग्रोवर की मिमिक्री इतनी असली कैसे लगती है? क्या है उनका सीक्रेट, मिमिक्री आर्टिस्ट ने खोला राज

मुंबई: कॉमेडियन और अभिनेता सुनील ग्रोवर अपनी शानदार मिमिक्री और अलग-अलग किरदारों को जीवंत करने …