
लखनऊ डेस्क : उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन भी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था बेहद कड़ी रही। इसके बावजूद नकल, फर्जीवाड़े और भ्रामक सूचना फैलाने की कोशिश करने वाले कई लोग पुलिस के हत्थे चढ़ गए। दूसरे दिन दो अभ्यर्थियों समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें दूसरे की जगह परीक्षा देने पहुंचे साल्वर, उनके सहयोगी और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाला व्यक्ति शामिल है।
पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के मुताबिक प्रदेश के सभी जिलों में बनाए गए 1183 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। मंगलवार को कुल 9,62,833 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी, जिनमें से 7,32,731 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इस तरह दोनों पालियों में 76.10 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई, जबकि करीब 24 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
हरदोई और कानपुर में अभ्यर्थी पकड़े गए
हरदोई के वेणी माधव विद्यापीठ इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर आगरा निवासी अभ्यर्थी रोहित पथौरी को संदिग्ध गतिविधियों के चलते पकड़ा गया। जांच में उसके पास मोबाइल फोन और एक प्रतियोगी परीक्षा का प्रश्नपत्र मिला। इसके बाद उसके खिलाफ सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की गई।
वहीं कानपुर के सिद्दीकी फैज-ए-आम इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर द्वितीय पाली की परीक्षा शुरू होने से पहले झांसी निवासी अभ्यर्थी पंकज वर्मा इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के साथ केंद्र में प्रवेश करने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। उससे पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अलीगढ़ में फर्जी आधार कार्ड के सहारे परीक्षा देने पहुंचे साल्वर
अलीगढ़ के धर्म समाज महाविद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र पर राजस्थान के धौलपुर निवासी श्याम सुंदर को दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। वह कूटरचित आधार कार्ड के जरिए परीक्षा केंद्र पहुंचा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के साथ उसके सहयोगी मौजी गुप्ता को भी हिरासत में ले लिया।
इसी जिले के रत्नप्रेम डीएवी बालिका इंटर कॉलेज में फिरोजाबाद निवासी विकास कुमार भी फर्जी आधार कार्ड बनवाकर दूसरे अभ्यर्थी के नाम पर परीक्षा देने पहुंचा था। चेकिंग के दौरान उसकी भी पोल खुल गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों मामलों में संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मुजफ्फरनगर में भी साल्वर गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर के डीएवी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र से गजेंद्र शर्मा नामक साल्वर को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि वह फर्जी दस्तावेजों के सहारे दूसरे अभ्यर्थी के नाम पर परीक्षा देने पहुंचा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित अभ्यर्थियों के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाला भी पकड़ा गया
भर्ती परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक और तथ्यहीन सामग्री प्रसारित करने वालों पर भी कार्रवाई की गई है। आजमगढ़ पुलिस ने इंस्टाग्राम पर परीक्षा से जुड़े भ्रामक वीडियो साझा करने के आरोप में अमरोहा निवासी इन्द्रजीत को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने एक सोशल मीडिया खाते के माध्यम से परीक्षा को लेकर गलत जानकारी प्रसारित की थी। इसके अलावा एक यूट्यूब चैनल और फेसबुक पर दरोगा भर्ती 2025 को लेकर भ्रामक वीडियो प्रसारित किए जाने के मामलों में भी लखनऊ के हुसैनगंज थाने में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। भर्ती बोर्ड को इन मामलों की जानकारी हेल्पलाइन नंबर पर मिली शिकायतों के आधार पर प्राप्त हुई थी।
परीक्षा केंद्रों पर बढ़ाई गई थी निगरानी
गौरतलब है कि परीक्षा के पहले दिन गोरखपुर और हापुड़ में मोबाइल फोन के साथ दो अभ्यर्थियों के पकड़े जाने के बाद भर्ती बोर्ड ने दूसरे दिन सभी केंद्रों पर जांच और निगरानी को और सख्त करने के निर्देश दिए थे। इसी का परिणाम रहा कि कई संदिग्ध गतिविधियां समय रहते पकड़ ली गईं और परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने में सफलता मिली।
Navyug Samachar