Thursday , 10 September 2026

‘अगर मैं नहीं भी हूं, तब भी भारत के पास बेहतरीन थ्रोअर हैं’: सिल्वर जीतने के बाद नीरज चोपड़ा का बड़ा बयान

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय स्टार जैवलिन थ्रो खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में सिल्वर मेडल जीतने के बाद टीम इंडिया के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अब भारत के पास ऐसे प्रतिभाशाली जैवलिन थ्रोअर मौजूद हैं, जो बड़े मंच पर देश के लिए पदक जीत सकते हैं। नीरज ने इस दौरान कांस्य पदक जीतने वाले यश वीर सिंह की भी जमकर सराहना की।

फिटनेस समस्याओं से जूझने के बाद नीरज चोपड़ा ने शानदार वापसी करते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में रजत पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही वह कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में जैवलिन थ्रो स्पर्धा में गोल्ड और सिल्वर दोनों पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए।

‘पोडियम पर साथ खड़ा होना शानदार एहसास’

सिल्वर मेडल जीतने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में नीरज चोपड़ा ने कहा कि इस उपलब्धि ने उन्हें एशियन गेम्स की याद दिला दी, जब उन्होंने और किशोर कुमार जेना ने एक साथ पदक जीते थे।

उन्होंने कहा कि यश वीर सिंह ने बेहद अहम मुकाबले में अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उनके साथ पोडियम पर खड़ा होना गर्व की बात है। नीरज ने कहा कि उन्होंने भी इस सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है और चोट से वापसी सही दिशा में आगे बढ़ रही है।

‘अब भारत के पास मेडल जीतने वाले थ्रोअर हैं’

नीरज चोपड़ा ने कहा कि सबसे बड़ी खुशी इस बात की है कि अगर वह किसी कारण मैदान पर नहीं भी हों या चोटिल हो जाएं, तब भी भारत के पास पदक जीतने की क्षमता वाले खिलाड़ी मौजूद हैं।

उन्होंने कहा कि यश वीर सिंह अब 85 मीटर क्लब में पहुंच चुके हैं और रोहित भी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। देश में जैवलिन थ्रो में उभर रही नई प्रतिभाओं को देखकर उन्हें बेहद खुशी होती है।

‘आज सिर्फ एक थ्रो ही अच्छा रहा’

नीरज ने अपने प्रदर्शन का आकलन करते हुए कहा कि फाइनल में उनका सिर्फ एक थ्रो ही अच्छा रहा, जबकि बाकी प्रयास और बेहतर हो सकते थे। उन्होंने बताया कि ठंडे मौसम में उन्हें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में परेशानी होती है और वह गर्म मौसम में अधिक सहज महसूस करते हैं।

उन्होंने कहा कि ग्लासगो की ठंड का असर उनके प्रदर्शन पर भी पड़ा, लेकिन इसके बावजूद वह अपने सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल रहे।

अब एशियन गेम्स 2026 पर नजर

कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने के बाद अब नीरज चोपड़ा की नजर एशियन गेम्स 2026 पर होगी, जिसकी मेजबानी इस बार जापान करेगा। उनसे एक बार फिर भारत को पदक की उम्मीद रहेगी।

पीएम मोदी ने दी दोनों खिलाड़ियों को बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर नीरज चोपड़ा को सिल्वर और यश वीर सिंह को कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि नीरज ने एक बार फिर निरंतरता, संयम और जुझारूपन का शानदार प्रदर्शन किया है, जिससे पूरे देश को गर्व हुआ है।

यश वीर सिंह को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका कांस्य पदक उनके समर्पण और मेहनत का परिणाम है तथा उनकी उपलब्धि देश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

 

Check Also

पैट कमिंस जिम्बाब्वे के खिलाफ ODI सीरीज से होंगे बाहर? कप्तान के बयान से मची हलचल, सामने आई बड़ी वजह

ऑस्ट्रेलिया: ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट और एकदिवसीय कप्तान पैट कमिंस के जिम्बाब्वे के खिलाफ सितंबर में …