Saturday , 26 September 2026

यूपी के उत्पादों पर दुनिया का भरोसा, ग्रेटर नोएडा में UPITS का आगाज; योगी बोले- दो लाख करोड़ से ज्यादा का हो रहा निर्यात

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के पारंपरिक हुनर से लेकर आधुनिक विनिर्माण तक की ताकत शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण में दिखाई दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने ट्रेड शो का शुभारंभ किया। इस बार 90 देशों के 600 से अधिक विदेशी खरीदार और 2,400 से ज्यादा प्रदर्शक इसमें हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के उत्पादों की गुणवत्ता, मजबूत आपूर्ति श्रृंखला और उद्यमियों की विश्वसनीयता पर दुनिया का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश अब दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात कर रहा है।

बढ़ती भागीदारी को बताया वैश्विक भरोसे का संकेत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चार वर्षों में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने का बड़ा मंच बन चुका है। पिछले वर्ष 72 देशों के 550 खरीदार इसमें शामिल हुए थे, जबकि इस बार 90 देशों से 600 से अधिक खरीदार पहुंचे हैं। आयोजन में करीब डेढ़ लाख कारोबारियों के पहुंचने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि ट्रेड शो में कारीगरों के हुनर, युवाओं के नवाचार, एमएसएमई क्षेत्र और किसानों की मेहनत को वैश्विक बाजार से जोड़ने का अवसर मिल रहा है। उनके मुताबिक, यह आयोजन परंपरा और तकनीक, विरासत और नवाचार तथा स्थानीय हुनर और बाजार की जरूरतों को एक मंच पर लाने का काम कर रहा है।

पारंपरिक उद्यमों की ताकत को पहचानने का दिया श्रेय

योगी आदित्यनाथ ने अमित शाह को उत्तर प्रदेश के पारंपरिक उद्यमों को नई पहचान देने वाली सोच का प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते हुए अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के लोक कल्याण संकल्प पत्र के निर्माण के दौरान प्रदेश के पारंपरिक उद्यमों की क्षमता को पहचाना था।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, अमित शाह का मानना था कि उत्तर प्रदेश अपनी पारंपरिक ताकत को पहचान ले तो उसे विनिर्माण के नए केंद्र के रूप में आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। सरकार बनने के बाद इसी सोच को एक जिला, एक उत्पाद योजना के रूप में आगे बढ़ाया गया।

गांवों के हुनर को मिला बड़े बाजार का रास्ता

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में संभावनाओं की कभी कमी नहीं रही, लेकिन स्थानीय हुनर को सही संसाधन, बाजार और मंच उपलब्ध कराने की जरूरत थी। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक कारीगरों को आवश्यक संसाधन और बाजार नहीं मिल पाया, जिसके कारण नई पीढ़ी अपने पारंपरिक हुनर से दूर होने लगी।

उन्होंने कहा कि सरकार ने जिलों, गांवों और स्थानीय समूहों में मौजूद हुनर को पहचानकर उसे आगे बढ़ाने का काम किया। गुणवत्ता, डिजाइन, पैकेजिंग, प्रमाणन, ब्रांडिंग और विपणन के जरिए स्थानीय उत्पादों को देश और विदेश के बाजार के अनुरूप तैयार किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक्सप्रेसवे, राजमार्ग, हवाई अड्डे, माल ढुलाई गलियारे और औद्योगिक ढांचे के विस्तार से स्थानीय उत्पादों की बड़े और वैश्विक बाजारों तक पहुंच आसान हुई है।

79 उत्पादों को जीआई टैग, 75 नए उत्पादों के आवेदन

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उत्तर प्रदेश के एमएसएमई क्षेत्र के 79 उत्पादों को जीआई टैग मिल चुका है, जबकि 75 नए उत्पादों के लिए आवेदन किया गया है। उन्होंने भदोही के कालीन, मुरादाबाद के पीतल, कन्नौज के इत्र और वाराणसी की रेशमी साड़ियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत अब बड़े कारोबार वाले ब्रांड में बदल रही है।

उन्होंने कहा कि एक जिला, एक उत्पाद, पीएम विश्वकर्मा और विश्वकर्मा श्रम सम्मान जैसी योजनाओं के जरिए कारीगरों को प्रशिक्षण, औजार, ऋण, ब्रांडिंग और बाजार से जोड़ने का काम किया जा रहा है। ट्रेड शो के माध्यम से कारीगरों और उद्यमियों को सीधे वैश्विक खरीदारों तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।

छह देशों के विशेष पवेलियन, व्यापारिक साझेदारी पर जोर

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस साझेदार देशों के रूप में शामिल हुए हैं। इन देशों के विशेष पवेलियन भी लगाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन देशों की भागीदारी से द्विपक्षीय व्यापारिक संबंधों को बढ़ावा मिलेगा। इससे रणनीतिक साझेदारी, तकनीक हस्तांतरण और संयुक्त उद्यम के नए रास्ते खुल सकते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों का लाभ उठाकर उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को यहां उत्पादन और वैश्विक बाजार तक पहुंच का अवसर दे रहा है।

अमित शाह और योगी ने ई-कार्ट से देखा ट्रेड शो

कार्यक्रम की शुरुआत अमित शाह और योगी आदित्यनाथ ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अमित शाह को फिरोजाबाद के एक जिला, एक उत्पाद के तहत ओपल ग्लास से बनी राधा-कृष्ण की प्रतिमा भेंट की।

इसके बाद अमित शाह और योगी आदित्यनाथ ई-कार्ट से ट्रेड शो में लगे विभिन्न स्टॉल पर पहुंचे। दोनों ने कई स्टॉल पर रुककर उत्पाद देखे और उद्यमियों से जानकारी ली। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में अमित शाह ने ‘एक जनपद एक व्यंजन’ पोर्टल का भी शुभारंभ किया।

एक करोड़ से ज्यादा एमएसएमई, तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार

एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश का ब्रांड बन चुका है। उन्होंने बताया कि आयोजन में विभिन्न देशों के खरीदारों के साथ कारोबार से जुड़ी बैठकें होंगी और प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक बाजार में पहचान मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक करोड़ से अधिक एमएसएमई इकाइयां तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार दे रही हैं। कृषि के बाद एमएसएमई क्षेत्र सबसे ज्यादा रोजगार देने वाला क्षेत्र है।

भूपेंद्र चौधरी के मुताबिक, एक जिला, एक उत्पाद और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत अब तक छह लाख से अधिक हस्तशिल्पियों को प्रशिक्षण और उन्नत औजारों का लाभ दिया जा चुका है। 14 नए कारोबार जोड़ने के बाद अब कुल 25 कारोबारों को प्रशिक्षण और उन्नत औजारों से जोड़ा गया है। उद्यमियों को बिना ब्याज और बिना गारंटी के ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।

 

Check Also

बंगाल की खाड़ी के चक्रवात ने बदला यूपी का मौसम, 60 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; 13 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

यूपी डेस्क: बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के असर से उत्तर प्रदेश के …