
नई दिल्ली: IIT मद्रास जनवरी 2027 से पात्र बीटेक छात्रों के लिए छह महीने का इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू करने जा रहा है। इस बदलाव से छात्रों को कंपनियों के साथ लंबे समय तक काम करने और वास्तविक परियोजनाओं का अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा। साथ ही, स्नातक की पढ़ाई पूरी होने से पहले प्री-प्लेसमेंट ऑफर (PPO) पाने की संभावनाएं भी बढ़ सकती हैं।
यह कार्यक्रम बदले हुए स्नातक पाठ्यक्रम का हिस्सा है और 2024 बैच के बाद के बीटेक छात्रों के लिए उपलब्ध होगा। पात्र छात्र छठे सेमेस्टर के दौरान इसमें हिस्सा ले सकेंगे। संस्थान के करियर पाथवे सेंटर (CPC) को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। यह केंद्र इंटर्नशिप, प्लेसमेंट, कौशल विकास और उद्यमिता से जुड़ी गतिविधियों का संचालन करता है।
IIT मद्रास का उद्देश्य छात्रों को कंपनियों के कामकाज और उद्योग की वास्तविक चुनौतियों से परिचित कराना है। इसके लिए भारत के अलावा विदेशों में भी इंटर्नशिप के अवसर तलाशे जा रहे हैं। छात्रों के लिए दूरस्थ इंटर्नशिप की सुविधा भी शुरू की गई है।
लंबी इंटर्नशिप से कंपनियों को भी मिलेगा फायदा
छह महीने की इंटर्नशिप गर्मियों में होने वाले कम अवधि के प्रशिक्षण से अलग होगी। लंबे समय तक किसी परियोजना पर काम करने से छात्रों को कंपनी की कार्यप्रणाली और तकनीकी चुनौतियों को बेहतर ढंग से समझने का मौका मिलेगा। वहीं, कंपनियां भी छात्रों के कौशल और काम करने के तरीके का आकलन कर सकेंगी।
IIT मद्रास के निदेशक वी. कामकोटी के मुताबिक, छात्रों को उद्योग की वास्तविक परिस्थितियों और तकनीक के इस्तेमाल को समझने के लिए पर्याप्त समय मिलना जरूरी है। लंबी अवधि का यह कार्यक्रम कंपनियों को छात्रों की क्षमता परखने का अधिक अवसर देगा। इससे छात्रों के लिए प्री-प्लेसमेंट ऑफर मिलने की संभावनाएं भी बढ़ सकती हैं।
संस्थान के अनुसार, इस पहल को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है और कई छात्र पंजीकरण करा चुके हैं। पिछले इंटर्नशिप चक्र में इसी समय तक मिले अवसरों की तुलना में इस बार इनकी संख्या बढ़ी है। इसमें दो महीने और छह महीने, दोनों तरह की इंटर्नशिप शामिल हैं।
गेम डेवलपमेंट में भी मिलेगा करियर का मौका
IIT मद्रास ने गेमिंग क्षेत्र में प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए दक्षिण कोरियाई कंपनी क्राफ्टन की भारतीय इकाई KRAFTON India के साथ साझेदारी की है। इसके तहत KIGI Academy कार्यक्रम शुरू किया गया है। छह महीने का यह पूरी तरह वित्तपोषित कार्यक्रम सभी इंजीनियरिंग विषयों के छात्रों के लिए खुला है।
इस कार्यक्रम में छात्रों को IIT मद्रास में चार महीने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद बेंगलुरु स्थित KRAFTON India के मुख्यालय में दो महीने का सशुल्क औद्योगिक अनुभव मिलेगा।
प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को परियोजनाओं के जरिए कोडिंग, गेम डिजाइन, यूजर इंटरफेस और यूजर एक्सपीरियंस (UI/UX), कला और उत्पाद विकास से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को कंपनी में पूर्णकालिक नौकरी के लिए भी विचार किया जा सकता है।
करियर पाथवे सेंटर अन्य कंपनियों को जोड़ने के लिए हैकाथॉन, केस प्रतियोगिताओं, कैपस्टोन परियोजनाओं और उद्योग से जुड़ी समस्याओं पर आधारित कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इसका उद्देश्य छात्रों के लिए पढ़ाई के दौरान ही इंटर्नशिप और नौकरी तक पहुंचने के अधिक अवसर तैयार करना है।
Navyug Samachar