Monday , 5 October 2026

ISRO Internship 2026: अंतरिक्ष विज्ञान में करियर बनाने का सुनहरा मौका, इसरो देगा छात्रों को वैज्ञानिकों के साथ काम करने का अवसर

नेशनल डेस्क: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) में इंटर्नशिप करने का सपना देख रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है। इसरो के विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र (VSSC) ने ISRO Internship 2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस इंटर्नशिप कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में काम करने का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। इच्छुक और योग्य छात्र 14 अगस्त 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

इन छात्रों को मिलेगा इंटर्नशिप का मौका

इसरो इंटर्नशिप के लिए केवल भारतीय नागरिक आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से बीई, बीटेक, एमई, एमटेक, बीएससी, एमएससी (फिजिक्स या केमिस्ट्री) या पीएचडी का नियमित ऑन-कैंपस छात्र होना जरूरी है।

शैक्षणिक योग्यता के अनुसार उम्मीदवार के पिछली परीक्षाओं में कम से कम 60 प्रतिशत अंक या 10 पॉइंट स्केल पर 6.32 सीजीपीए होना अनिवार्य है। इसके अलावा बीई और बीटेक छात्रों का छठा सेमेस्टर पूरा होना चाहिए, जबकि एमई, एमटेक और एमएससी छात्रों का पहला सेमेस्टर पूरा होना जरूरी है।

जो विद्यार्थी 14 फरवरी 2025 के बाद अपना कोर्स पूरा कर चुके हैं, वे भी इस इंटर्नशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि कोई भी छात्र अपनी किसी एक डिग्री के दौरान इस अवसर का लाभ केवल एक बार ही ले सकेगा।

21 से 45 दिन तक चलेगी इंटर्नशिप

ISRO Internship 2026 की अवधि न्यूनतम 21 दिन और अधिकतम 45 दिन निर्धारित की गई है। यह एक शैक्षणिक और प्रशिक्षण आधारित कार्यक्रम होगा, जिसमें छात्रों को इसरो की प्रयोगशालाओं में वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में प्रोजेक्ट्स पर काम करने का अवसर मिलेगा।

इस इंटर्नशिप के लिए छात्रों को किसी तरह का स्टाइपेंड, मानदेय या आर्थिक सहायता नहीं दी जाएगी। उम्मीदवारों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता और संबंधित प्रयोगशालाओं में उपलब्ध सीटों के आधार पर किया जाएगा। चयनित छात्रों को इसकी जानकारी ई-मेल के माध्यम से दी जाएगी।

आवेदन की महत्वपूर्ण तारीखें

ISRO Internship 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से शुरू होगी। आवेदन करने की अंतिम तारीख 14 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे तक है।

इंटर्नशिप कार्यक्रम की अवधि 1 नवंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 के बीच निर्धारित की गई है।

ऐसे करें आवेदन

इच्छुक छात्र वीएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान छात्रों को अपनी मार्कशीट, तकनीकी कौशल, प्रोजेक्ट वर्क और कॉलेज से जारी अनुमति पत्र को एक पीडीएफ फाइल के रूप में अपलोड करना होगा। इस फाइल का आकार 5 एमबी तक होना चाहिए।

 

Check Also

प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया में ASO की भर्ती, ग्रेजुएट युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का मौका; जानें योग्यता, फीस और सैलरी

नई दिल्ली: प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) ने ग्रुप-बी के तहत असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (ASO) …