
नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने विभिन्न वरिष्ठ पदों पर भर्ती के लिए नया नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 13 पद भरे जाएंगे। इनमें डायरेक्टर, ज्वॉइंट डायरेक्टर, डिप्टी डायरेक्टर, रिसर्च साइंटिस्ट और सीनियर सुपरिंटेंडेंट के पद शामिल हैं। आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 1 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
देशभर में कई बड़ी परीक्षाओं का आयोजन करने वाली एनटीए ने भर्ती से जुड़ी अधिसूचना में पदों की संख्या और पात्रता की जानकारी दी है। इन पदों पर चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतन मिलेगा। हालांकि, इन पदों के लिए संबंधित क्षेत्र में अनुभव होना जरूरी है।
किस पद पर कितनी भर्तियां होंगी?
एनटीए की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, कुल 13 रिक्तियों का विवरण इस प्रकार है:
- डायरेक्टर (ग्रुप ए): 7 पद
- ज्वॉइंट डायरेक्टर (ग्रुप ए): 3 पद
- रिसर्च साइंटिस्ट ‘सी’ (ग्रुप ए): 1 पद
- डिप्टी डायरेक्टर (ग्रुप ए): 1 पद
- सीनियर सुपरिंटेंडेंट (ग्रुप बी): 1 पद
कौन कर सकता है आवेदन?
इन पदों के लिए अनुभव रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में कार्यरत अधिकारी और कर्मचारी भी इन पदों के लिए पात्र हैं। सभी पदों के लिए कम से कम स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है।
रिसर्च साइंटिस्ट के पद के लिए विशेष शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है। उम्मीदवार के पास साइकोलॉजी, स्टैटिस्टिक्स, मैथेमेटिक्स या एजुकेशन जैसे संबंधित विषयों में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ पीएचडी की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, इस पद के लिए 10 साल का अनुभव भी मांगा गया है।
अधिकतम उम्र सीमा और आवेदन की आखिरी तारीख
एनटीए की इस भर्ती में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की अधिकतम उम्र 56 साल तय की गई है। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 1 दिसंबर 2026 है। इसलिए पात्र उम्मीदवारों को तय समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
कैसे करना होगा आवेदन?
इच्छुक उम्मीदवारों को अपना आवेदन सीधे भेजने के बजाय अपने मौजूदा विभाग के माध्यम से निर्धारित पते पर भेजना होगा। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी, पात्रता की शर्तें और आवेदन की प्रक्रिया जानने के लिए एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट nta.ac.in पर जारी नोटिफिकेशन देख सकते हैं।
पेपर लीक और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के मामलों के बाद एनटीए में कई सुधार किए गए हैं। इसी क्रम में एजेंसी की ओर से विभिन्न पदों पर भर्तियां भी निकाली जा रही हैं। इससे पहले भी एनटीए कई पदों के लिए भर्ती अधिसूचनाएं जारी कर चुका है।
Navyug Samachar