Saturday , 3 October 2026

‘निर्भया कांड जैसी समानताएं’, दिल्ली-NCR में रेप की घटनाओं पर सुप्रीम कोर्ट नाराज; कहा- सिर्फ एकजुटता नहीं, जिम्मेदारी तय करना जरूरी

नेशनल डेस्क: दिल्ली-NCR में हाल के दिनों में सामने आए रेप और गैंगरेप के मामलों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है। दिल्ली में चलती स्लीपर बस में नाबालिग से गैंगरेप की घटना का जिक्र करते हुए कोर्ट ने इसे 2012 के निर्भया कांड से जोड़कर गंभीर चिंता जताई। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि दोनों घटनाओं में समानताएं देखे बिना नहीं रहा जा सकता। कोर्ट ने मामले में केस दर्ज करने का निर्देश भी दिया है।

सार्वजनिक जगहों की सुरक्षा पर उठाए सवाल

सुप्रीम कोर्ट ने इन घटनाओं को कानून लागू करने वाली एजेंसियों की नाकामी से जोड़ते हुए सार्वजनिक जगहों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। कोर्ट ने कहा कि पर्याप्त रोशनी, प्रभावी निगरानी और जरूरी प्रशासनिक सुविधाओं की कमी के कारण पार्क और बसों जैसी सार्वजनिक जगहें जोखिम वाली बन रही हैं।

कोर्ट के मुताबिक, ऐसी घटनाओं को केवल एकजुटता दिखाकर नहीं छोड़ा जा सकता, बल्कि जिम्मेदारी भी तय की जानी चाहिए। इसी आधार पर सुप्रीम कोर्ट ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

चलती स्लीपर बस में नाबालिग से गैंगरेप

पिछले दिनों दिल्ली-NCR में लगातार सामने आईं रेप, गैंगरेप और छेड़छाड़ की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए थे। इनमें एक मामला नोएडा से दिल्ली के बीच चलने वाली स्लीपर बस का था। आरोप है कि बस में एक नाबालिग के साथ गैंगरेप किया गया। घटना के बाद आरोपियों ने लड़की को दिल्ली के कश्मीरी गेट के पास छोड़ दिया और वहां से फरार हो गए।

इस घटना के सामने आने के बाद 2012 के निर्भया कांड की यादें ताजा होने की बात कही गई थी। अब सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए गंभीर टिप्पणी की है।

कालकाजी के पार्क में फर्जी पुलिसकर्मी बनकर गैंगरेप

दिल्ली के कालकाजी इलाके के आस्था कुंज पार्क में भी गैंगरेप की एक घटना सामने आई थी। आरोप है कि तीन लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक लड़की के साथ बारी-बारी से रेप किया। घटना के समय लड़की अपने एक पुरुष साथी के साथ पार्क में बैठी थी।

वारदात के बाद आरोपियों ने दोनों को धमकी दी और उन्हें पार्क से बाहर तक छोड़ने की बात सामने आई थी।

मुखर्जी नगर में छात्रा से छेड़छाड़ का मामला

एक अन्य घटना दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके से सामने आई थी। यहां कार सवार कुछ युवकों पर दिल्ली विश्वविद्यालय की एक छात्रा और उसकी सहेली से छेड़छाड़ करने, आपत्तिजनक टिप्पणी करने और उन्हें जबरन कार में बैठाने की कोशिश करने का आरोप लगा था।

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लगातार सामने आई इन घटनाओं के बीच सुप्रीम कोर्ट ने सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को लेकर कानून-व्यवस्था तथा निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

 

Check Also

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य का बड़ा ऐलान, अपनी जनता पार्टी अब INDIA गठबंधन में होगी शामिल

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। …