
नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच रोहिणी से बड़ा हादसा सामने आया है। बुधवार शाम रोहिणी सेक्टर-16 में एक पुरानी बहुमंजिला इमारत अचानक ढह गई। इमारत गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आशंका जताई जा रही है कि मलबे के नीचे कई लोग फंसे हो सकते हैं। घटना के बाद राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
शाम 4:20 बजे मिली हादसे की सूचना
दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों के अनुसार, हादसे की सूचना बुधवार शाम करीब 4:20 बजे कंट्रोल रूम को मिली। बताया गया कि इमारत रोहिणी सेक्टर-16 स्थित एक एमसीडी स्कूल के पास स्थित थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। रेस्क्यू टीमें क्रेन और अन्य उपकरणों की मदद से मलबा हटाकर फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं।
मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका
स्थानीय लोगों के मुताबिक, ढही हुई इमारत काफी पुरानी और जर्जर हालत में थी। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। प्रशासन को आशंका है कि हादसे के समय इमारत के भीतर कुछ स्थानीय निवासी और मजदूर मौजूद हो सकते थे। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इमारत में उस समय कितने लोग थे।
युद्धस्तर पर जारी है राहत और बचाव अभियान
हादसे के बाद प्रशासन ने एहतियातन आसपास के इलाके को खाली कराकर सुरक्षा घेरा बना दिया है, ताकि बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए। लगातार बारिश के बावजूद राहत एवं बचाव दल पूरी मुस्तैदी के साथ मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता सभी संभावित फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।
घटनास्थल का वीडियो हुआ वायरल
इस हादसे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ढही हुई इमारत का मलबा और मौके पर मौजूद भारी भीड़ दिखाई दे रही है। स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में प्रशासन की मदद करते नजर आ रहे हैं। फिलहाल इस हादसे में किसी के मौत या गंभीर जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
Navyug Samachar