Monday , 5 October 2026

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला पहुंचा हाईकोर्ट! आज अहम सुनवाई, क्या CBI जांच पर लगेगी मुहर?

नेशनल डेस्क: अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले को लेकर आज बड़ा दिन माना जा रहा है। इस मामले में दाखिल तीन जनहित याचिकाओं पर 29 जून को हाईकोर्ट में सुनवाई होने की संभावना है। सुनवाई को लेकर राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक हलकों में हलचल तेज है और सभी की नजर अदालत के रुख पर टिकी हुई है।

याचिकाओं में CBI जांच और न्यायिक आयोग की मांग

दायर याचिकाओं में पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो से कराने की मांग उठाई गई है। इसके साथ ही उच्चस्तरीय न्यायिक आयोग के गठन और मंदिर के चढ़ावे का ऑडिट नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक से कराने की भी मांग की गई है। माना जा रहा है कि सुनवाई के दौरान इन मांगों पर अदालत का रुख अहम हो सकता है।

इस्तीफे दिए, लेकिन फैसला अभी बाकी

मामले को लेकर विवादों के बीच ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि ट्रस्ट की ओर से स्पष्ट किया गया है कि इन इस्तीफों पर अंतिम निर्णय अगली बैठक में लिया जाएगा। यह बैठक 11 जुलाई को प्रस्तावित है।

इसी वजह से यह सवाल भी उठने लगे हैं कि इतने संवेदनशील मामले में तत्काल फैसला लेने के बजाय बैठक का इंतजार क्यों किया जा रहा है।

कार्रवाई में देरी को लेकर उठ रहे सवाल

चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद से ट्रस्ट की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप लगाए जा रहे हैं कि शुरुआत में मामले को दबाने की कोशिश हुई, उसके बाद विशेष जांच दल के गठन में देरी हुई और करीब 20 दिन बाद प्राथमिकी दर्ज की गई।

इसी तरह जिम्मेदार पदाधिकारियों के इस्तीफे भी कई सप्ताह बाद सामने आए और अब उन पर अंतिम निर्णय भी आगे बढ़ा दिया गया है। इन घटनाक्रमों ने पूरे मामले को लेकर बहस और तेज कर दी है।

क्या मामले को शांत करने की कोशिश? चर्चा तेज

राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर यह चर्चा भी सामने आ रही है कि लगातार फैसलों और कार्रवाई में हो रही देरी कहीं मामले की गंभीरता को कम करने की कोशिश तो नहीं है। हालांकि ट्रस्ट की ओर से इस तरह की चर्चाओं पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

अब सभी की नजर आज होने वाली सुनवाई और 11 जुलाई को प्रस्तावित ट्रस्ट बैठक पर बनी हुई है।

 

Check Also

सीएम योगी का बड़ा ऐलान! 4.60 लाख छात्रों के खातों में एक क्लिक से पहुंचे 148 करोड़, बोले- पढ़ाई पर करें पहला निवेश

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के बैंक …