
जॉब्स डेस्क: स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। SAIL के राउरकेला स्टील प्लांट ने वर्ष 2026-27 के लिए अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत 1110 पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती के लिए ITI, डिप्लोमा और डिग्री पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती अभियान के तहत ट्रेड अप्रेंटिस, डिप्लोमा अप्रेंटिस और ग्रेजुएट अप्रेंटिस के पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को ट्रेनिंग अवधि के दौरान हर महीने स्टाइपेंड भी दिया जाएगा।
1110 पदों को तीन श्रेणियों में बांटा गया
SAIL राउरकेला स्टील प्लांट की इस भर्ती में कुल 1110 अप्रेंटिस पद शामिल हैं।
ट्रेड अप्रेंटिस के लिए 421 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके लिए फिटर, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर, कोपा सहित संबंधित ट्रेड में ITI पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
डिप्लोमा या तकनीशियन अप्रेंटिस के लिए 414 पद हैं। संबंधित इंजीनियरिंग शाखा के अलावा मेडिकल, नर्सिंग, जीएनएम, डीफार्मा और रेडियोलॉजी जैसे क्षेत्रों में डिप्लोमा करने वाले उम्मीदवार पात्र होंगे।
ग्रेजुएट अप्रेंटिस के लिए 275 पद रखे गए हैं। इसमें इंजीनियरिंग के साथ-साथ बीए, बीएससी, बीकॉम, बीसीए, बीबीए और बीएससी नर्सिंग डिग्री वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
उम्मीदवारों ने अपनी योग्यता परीक्षा वर्ष 2022 से 2026 के बीच नियमित छात्र के रूप में पास की होनी चाहिए।
आयु सीमा क्या है
इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है। आयु की गणना 31 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
हर महीने मिलेगा स्टाइपेंड
अप्रेंटिस ट्रेनिंग के दौरान चयनित उम्मीदवारों को मासिक स्टाइपेंड दिया जाएगा।
ट्रेड अप्रेंटिस को ट्रेड के अनुसार करीब 9600 रुपये से 10560 रुपये प्रतिमाह तक स्टाइपेंड मिलेगा।
डिप्लोमा अप्रेंटिस को 10900 रुपये प्रतिमाह और ग्रेजुएट अप्रेंटिस को 12300 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा।
बिना लिखित परीक्षा होगा चयन
इस भर्ती में उम्मीदवारों को किसी लिखित परीक्षा से नहीं गुजरना होगा। अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता में प्राप्त अंकों की मेरिट और वॉक-इन प्रक्रिया के आधार पर किया जाएगा।
शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को आगे की प्रक्रिया के लिए बुलाया जाएगा।
ऐसे करें आवेदन
आवेदन करने के लिए ITI उम्मीदवारों को अप्रेंटिसशिप इंडिया पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। वहीं डिप्लोमा और डिग्री उम्मीदवारों को नेशनल अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग स्कीम पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा।
पोर्टल पर स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड, राउरकेला स्टील प्लांट को सर्च कर उम्मीदवार अपनी ट्रेड या ब्रांच के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 26 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद चयनित उम्मीदवारों के लिए वॉक-इन प्रक्रिया सितंबर 2026 में आयोजित की जाएगी।
Navyug Samachar