Monday , 5 October 2026

JKSSB में 518 पदों पर निकली भर्ती, 10 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन; जानें योग्यता, फीस और चयन प्रक्रिया

करियर डेस्क: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जम्मू-कश्मीर से बड़ी खबर सामने आई है। जम्मू-कश्मीर सर्विसेज सेलेक्शन बोर्ड (JKSSB) ने विभिन्न सरकारी विभागों में 518 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 10 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 10 सितंबर 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 9 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर पाएंगे। आवेदन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन करना होगा।

इन विभागों में भरे जाएंगे पद

JKSSB की ओर से जारी भर्ती में कई सरकारी विभागों को शामिल किया गया है। विभागवार रिक्तियों का विवरण इस प्रकार है।

कृषि उत्पादन विभाग में 46 पद

स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में 421 पद

उच्च शिक्षा विभाग में 48 पद

श्रम एवं रोजगार विभाग में 3 पद

कुल मिलाकर इस भर्ती अभियान के तहत 518 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

आवेदन शुल्क कितना देना होगा

ऑनलाइन आवेदन के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 600 रुपये शुल्क जमा करना होगा। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति-1, अनुसूचित जनजाति-2, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है।

चयन प्रक्रिया में होगी लिखित परीक्षा

उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले ओएमआर आधारित वस्तुनिष्ठ लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार होगी।

मेरिट सूची में शामिल उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा। सभी पात्रता शर्तों को पूरा करने वाले अभ्यर्थियों का अंतिम चयन भर्ती नियमों के अनुसार किया जाएगा।

गलत जवाब देने पर कटेंगे अंक

इस भर्ती परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान भी रखा गया है। लिखित परीक्षा में गलत उत्तर देने पर निर्धारित अंक का एक चौथाई हिस्सा काट लिया जाएगा। उम्मीदवारों को परीक्षा में प्रश्नों का जवाब देते समय इस बात का ध्यान रखना होगा।

महत्वपूर्ण तारीखें

ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की तारीख: 10 सितंबर 2026

ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख: 9 अक्टूबर 2026

लिखित परीक्षा की तारीख: बाद में घोषित की जाएगी

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन करते समय कुछ जरूरी दस्तावेज तैयार रखने होंगे। इनमें निवास प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण पत्र और मार्कशीट, आरक्षण श्रेणी का प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र या जन्मतिथि का प्रमाण, फोटो पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और संबंधित पद के लिए जरूरी अन्य प्रमाण पत्र शामिल हैं।

कुछ पदों के लिए बोनाफाइड या समकक्षता प्रमाण पत्र की भी जरूरत पड़ सकती है।

उम्मीदवार आवेदन से पहले जांच लें पात्रता

JKSSB ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले भर्ती नोटिफिकेशन में दी गई सभी पात्रता शर्तों को ध्यान से पढ़ लें। आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए अंतिम तारीख 9 अक्टूबर 2026 तय की गई है।

 

Check Also

प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया में ASO की भर्ती, ग्रेजुएट युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का मौका; जानें योग्यता, फीस और सैलरी

नई दिल्ली: प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) ने ग्रुप-बी के तहत असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (ASO) …