
करियर डेस्क: रेलवे में ग्रुप डी भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने वर्ष 2026 के लेवल-1 (ग्रुप डी) पदों पर नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत देशभर के जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों से रिक्त पदों का विवरण मांगा गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब 30 हजार पदों पर भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन सितंबर या अक्टूबर 2026 में जारी किया जा सकता है, जबकि आवेदन प्रक्रिया दिसंबर से पहले शुरू होने की संभावना है।
रिक्त पदों का आकलन शुरू, अगस्त में होगी अंतिम मंजूरी
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिया है कि वे मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (एचआरएमएस) के इंडेंट मैनेजमेंट मॉड्यूल के माध्यम से 31 दिसंबर 2027 तक संभावित रिक्तियों का आकलन करें।
मंडल और यूनिट स्तर पर 14 अगस्त तक रिक्त पदों का डेटा अपलोड किया जाएगा। इसके बाद 10 से 20 अगस्त 2026 के बीच जोनल मुख्यालय स्तर पर आंकड़ों की समीक्षा कर अंतिम मंजूरी दी जाएगी।
इन पदों पर हो सकती है भर्ती
नई भर्ती के तहत ट्रैक मेंटेनर-4, प्वाइंट्समैन-बी, असिस्टेंट सिग्नल एंड टेलीकॉम, असिस्टेंट कैरिज एंड वैगन, असिस्टेंट लोको शेड (डीजल एवं इलेक्ट्रिकल), असिस्टेंट पी-वे, असिस्टेंट ट्रैक मशीन और असिस्टेंट ब्रिज सहित विभिन्न लेवल-1 पदों पर नियुक्तियां की जा सकती हैं।
रेलवे भर्ती बोर्ड की नई कॉमन वेबसाइट लॉन्च
रेल मंत्रालय ने सभी रेलवे भर्ती बोर्डों की अलग-अलग वेबसाइटों की जगह अब एक नई कॉमन वेबसाइट शुरू की है। भर्ती से जुड़े सभी नोटिस, अपडेट और आधिकारिक सूचनाएं अब इसी एक पोर्टल पर जारी की जाएंगी। अभ्यर्थियों को केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही जानकारी प्राप्त करने और किसी भी बिचौलिए, दलाल या फर्जी भर्ती गिरोह के झांसे में न आने की सलाह दी गई है।
पिछली ग्रुप डी भर्ती में 22,195 पदों पर निकली थी वैकेंसी
वर्ष 2025 की रेलवे ग्रुप डी भर्ती में 22,195 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इस भर्ती के लिए करीब 53 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। कंप्यूटर आधारित परीक्षा 3 अगस्त से शुरू हो चुकी है, जो निर्धारित चरणों में आयोजित की जा रही है।
क्या है ग्रुप डी सीबीटी परीक्षा का पैटर्न
ग्रुप डी भर्ती की कंप्यूटर आधारित परीक्षा 90 मिनट की होगी, जिसमें कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में गणित से 25, सामान्य विज्ञान से 25, सामान्य बुद्धिमत्ता एवं रीजनिंग से 30 तथा सामान्य जागरूकता एवं समसामयिक घटनाओं से 20 प्रश्न शामिल होंगे।
चयन प्रक्रिया कैसी होगी
उम्मीदवारों का चयन एक चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण के आधार पर किया जाएगा। सीबीटी में सफल अभ्यर्थियों को अगले चरण यानी पीईटी के लिए बुलाया जाएगा।
गलत उत्तर पर कटेंगे अंक
सीबीटी परीक्षा में प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-तिहाई अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू होगी।
न्यूनतम पासिंग प्रतिशत
सामान्य और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। वहीं अन्य पिछड़ा वर्ग (नॉन क्रीमी लेयर), अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 30 प्रतिशत अंक आवश्यक होंगे।
Navyug Samachar