
नेशनल डेस्क: बिहार में लालू प्रसाद यादव परिवार की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। सुरक्षा में कटौती के फैसले से नाराज होकर लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी ने अपने आवास से सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस कर दिया है, वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपनी Y प्लस सुरक्षा भी लौटा दी है।
सुरक्षा वापस करने के बाद बढ़ा राजनीतिक तनाव
सुरक्षा व्यवस्था में संशोधन के बाद पूरे लालू परिवार के आवास पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को वापस बुला लिया गया। इसके बाद राबड़ी आवास के बाहर सन्नाटा देखा गया। सुरक्षा वापस किए जाने के फैसले के बाद राष्ट्रीय जनता दल में नाराजगी खुलकर सामने आ गई है और पार्टी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
RJD का सरकार पर तीखा हमला
आरजेडी प्रवक्ता शक्ति यादव ने आरोप लगाया कि सरकार ने जानबूझकर लालू परिवार की सुरक्षा में कटौती की है। उन्होंने कहा कि यह फैसला राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है और इसके विरोध में पार्टी ने सुरक्षा वापस करने का निर्णय लिया है। आरजेडी कार्यकर्ताओं ने 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास के बाहर भी जुटना शुरू कर दिया है।
बीजेपी का पलटवार, राजनीति के आरोप खारिज
दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि सुरक्षा व्यवस्था का निर्णय पूरी तरह समीक्षा और आवश्यकता के आधार पर लिया गया है। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि इस मामले को अनावश्यक रूप से राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था में क्या हुआ बदलाव
जानकारी के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव की सुरक्षा व्यवस्था को रिवाइज किया गया है। अब उन्हें बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस और जिला बल की तैनाती के साथ सुरक्षा प्रदान की जा रही है। इसमें हाउस गार्ड, महिला अंगरक्षक, स्कॉर्ट और पायलट वाहन जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
तेजस्वी यादव की सुरक्षा में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है, जबकि तेज प्रताप यादव की सुरक्षा में भी संशोधन किया गया है।
बिहार की सियासत में बढ़ा तापमान
सुरक्षा कटौती और उसके बाद लिए गए राजनीतिक फैसलों ने बिहार की सियासत को एक बार फिर गर्मा दिया है। आरजेडी और बीजेपी आमने-सामने आ गए हैं और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।
Navyug Samachar